रजबपुर/जिला अमरोहा - 'सरपंच' लिखी स्कॉर्पियो कार सवारों की दबंगई, बीच सड़क पर परिवार के सामने युवक को पीटा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, मई 03, 2026

रजबपुर/जिला अमरोहा - 'सरपंच' लिखी स्कॉर्पियो कार सवारों की दबंगई, बीच सड़क पर परिवार के सामने युवक को पीटा

newsindia17.com/amroha-rajabpur-news-sarpanch-scorpio-assault-case-on-youth/
एआई जनरेटेड इमेज 
जिला अमरोहा के रजबपुर थाना क्षेत्र से सत्ता की हनक और दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ 'सरपंच' लिखी एक काली स्कॉर्पियो कार सवारों ने न सिर्फ सड़क पर गुंडागर्दी की, बल्कि एक परिवार के साथ दूसरी कार में सवार युवक को बेरहमी से पीटा। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कल 2 मई की शाम धीरेंद्र सिंह सिरोही निवासी हुमायूँ नगर अपने परिवार और बच्चों के साथ अमरोहा से खरीददारी करने गए थे। देर रात लगभग 10 बजे ग्राम कर वापस आते समय रजबपुर-हुमायूँ नगर मार्ग पर सामने से आयी एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार ने उनका रास्ता रोक लिया। इस स्कॉर्पियो कार पर बड़े अक्षरों में 'सरपंच' लिखा हुआ था। पीड़ित धीरेंद्र सिंह के अनुसार स्कॉर्पियो कार से दो युवक नीचे उतरे और बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगे। इन युवको ने धीरेंद्र से गाड़ी पीछे करने को कहा जबकि उनकी स्कॉर्पियो के लिए पर्याप्त जगह मौजूद थी। आरोप है कि दोनों युवक शराब के नशे में धुत थे। देखते ही देखते आरोपियों ने धीरेंद्र को उनकी गाड़ी से बाहर खींच लिया और लात-घूंसों से हमला कर दिया।

सरेराह हो रही इस मारपीट को देख धीरेंद्र की पत्नी, भाभी और भतीजी ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग भी मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों और परिजनों के विरोध के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी स्कॉर्पियो कार लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित परिवार सीधे रजबपुर थाने पहुँचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर एक नामजद और एक अज्ञात युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
conter12
अभी तक पाठक संख्या