
पालघर (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के पालघर जिले में छह साल की बच्ची का कथित तौर पर अपहरण करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (अपराध) डॉ महेश पाटिल ने बताया कि मीरा भायंदर वसई विरार (एमबीवीवी) पुलिस ने आरोपी को मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया, जब वह रविवार को पश्चिम बंगाल भागने वाला था।
उन्होंने बताया कि 25 वर्षीय आरोपी ने चार मार्च की रात करीब नौ बजे के करीब नायगांव के वाकीपाड़ा में अपने घर के बाहर खेल रही लड़की का अपहरण कर लिया था। पाटिल ने बताया कि लड़की के परिवार ने तलाश शुरू की और बाद में वालिव थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 363 (अपहरण) के तहत मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और सूचना मिली कि अपहरणकर्ता लड़की को मुंबई के मलाड ले गया।
उन्होंने कहा कि आरोपी को जब पता चला कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है, तब उसने मलाड में लड़की को छोड़ दिया और वह पश्चिम बंगाल भागने वाला था। अधिकारी ने कहा कि बच्ची को मुक्त करा लिया गया और उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया।