रामपुर - नकदी लूटकर भाग रहे बदमाशों का पीछा कर रहे पिता-पुत्र की बाइक पोल से टकराई, पुत्र की मौत पिता गंभीर घायल - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, जून 19, 2024

रामपुर - नकदी लूटकर भाग रहे बदमाशों का पीछा कर रहे पिता-पुत्र की बाइक पोल से टकराई, पुत्र की मौत पिता गंभीर घायल

www.newsindia17.com

आज बुधवार की सुबह रामपुर -बाजपुर मार्ग पर अज्ञात बाइक सवारों ने स्वार जा रहे पिता-पुत्र से नकदी लूट ली और फरार हो गए। पिता-पुत्र ने साहस का परिचय देते हुए बाइक सवार लुटेरों का बाइक द्वारा पीछा किया। इस दौरान अचानक ही अनियंत्रित हुई पिता-पुत्र की बाइक सड़क किनारे लगे एक बिजली के पोल से जा टकराई। इस दुर्घटना में पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया जबकि घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार आज बुधवार की सुबह लगभग 9 बजे थाना भोट क्षेत्र के गाँव कुंडे की मँड़ैया निवासी प्रेम सिंह अपने पुत्र हिमांशु को साथ लेकर स्वार से कुछ सामान खरीदने जा रहे थे। बताया गया कि इस दौरान बाइक सवार 2 संदिग्धों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर बाइक सवारों ने पिता-पुत्र को ओवरटेक कर रोक लिया और नकदी लूटकर स्वार की ओर भाग गए। पिता -पुत्र ने अपनी बाइक से बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान रसूलपुर की पुलिया से कुछ दूरी पर उनकी बाइक सड़क किनारे लगे एक बिजली के पोल से जा टकराई। इस दुर्घटना में पिता व पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल हुए हिमांशु आयु 16 वर्ष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने हिमांशु के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया जबकि गंभीर रूप से घायल प्रेम सिंह को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया। समाचार मिलने तक प्रेम सिंह बेहोश थे। उनके बेहोश होने के कारण कितनी नकदी लूटी गयी आदि की जानकारी नहीं हो सकी है। दूसरी ओर हिमांशु के मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। 

hit counter
अभी तक पाठक संख्या