![]() |
| एआई जनरेटेड सांकेतिक चित्र |
वन विभाग द्वारा किये जा रहे तमाम प्रयासो के बाद भी जिला बिजनौर के कई क्षेत्रो मे गुलदार के हमलो का दौर लगातार जारी है। ऐसा ही एक ताजा मामला नहटौर थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहाँ आज शनिवार की सुबह घर के बरामदे मे सो रहे दो वर्षीय बच्चे को गुलदार उठाकर ले गया। तलाश करने पर बच्चे का शव पास ही एक खेत मे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ ही वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरिक्षण किया। इस घटना के बाद से क्षेत्रवासियो मे दहशत का माहौल बना हुआ है।
गुलदार के हमले का उक्त मामला थाना क्षेत्र के गाँव मुस्सेपुर पाली से जुड़ा है। बताया गया कि गाँव निवासी राजवीर सिंह और उनकी पत्नी कमला देवी कल गुरुवार की रात अपने दो वर्षीय बेटे रोहित के साथ घर के बरामदे मे सोये थे। आज सुबह लगभग 5 बजे आँख खुलने पर परिजनों ने देखा कि रोहित चारपाई से गायब था। बच्चे को गायब हुआ देख परिजनो में कोहराम मच गया। परिजनो ने ग्रामीणो के साथ मिलकर बच्चे की तलाश शुरू की।
तलाश किये जाने के दौरान मुस्सेपुर से मुनीमपुर जाने वाले मार्ग के पास स्थित देवेंद्र सिंह के खेत में रोहित लहूलुहान हालत मे पड़ा मिला। परिजनों के मुताबिक बच्चे के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। आशंका है कि गुलदार उसे घर से उठाकर खेत की ओर ले गया और हमला कर दिया। गुलदार के इसी हमले मे बच्चे की मौत हो गयी।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। डिप्टी वन रेंजर हरदेव सिंह के साथ वन रक्षक विपिन कुमार, राणा प्रताप सिंह और क्षेत्रपाल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की ओर से दरोगा राकेश कुमार और कोतवाल किशन अवतार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग की टीम गुलदार की मौजूदगी और घटना की परिस्थितियों की जांच में जुटी है।
रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। पिता राजवीर सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में मातम के साथ-साथ जंगली जानवर को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।
डिप्टी वन रेंजर हरदेव सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। घटना के बाद आसपास के गांवों के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

