| पुलिस उप निरीक्षक हरगोविंद सिंह यादव |
एंटी करप्शन टीम ने आज बुधवार की दोपहर जिला बदायूँ में एक पुलिस उप निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। एंटी करप्शन टीम उप निरीक्षक को लेकर उझानी थाने ले गयी। यहाँ उप निरीक्षक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के बाद एंटी करप्शन टीम उप निरीक्षक को अपने साथ बरेली ले गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव भुड़िया निवासी ओमकार सिंह फ़ौज में है। ओमकार सिंह का जमीन को लेकर अपने भाई से विवाद चल रहा है। इसी विवाद में कुछ दिनों पूर्व दोनों के बीच कहासुनी व मारपीट होने पर भदरौल चौकी प्रभारी हरगोविंद सिंह यादव में दोनों को हिरासत में लेकर चौकी पर बैठा लिया था। इसके बाद ओमकार सिंह के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शांति भंग में चालान कर दिया गया था जबकि उनके भाई को छोड़ दिया गया था। आरोप है कि चौकी प्रभारी उप निरीक्षक ने इस मुकदमे को समाप्त करने के बदले ओमकार सिंह से 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। बाद में ये मामला 20 हजार में तय हो गया था। ओमकार सिंह ने उप निरीक्षक की इस मांग की सूचना एंटी करप्शन टीम को दे दी थी। चौकी प्रभारी ने ओमकार सिंह को आज बुधवार को पैसा देने के लिए बुलाया था। इसका पता लगने पर एंटी करप्शन टीम ने भी अपना जाल बिछा दिया था। ओमकार सिंह ने एंटी करप्शन टीम को बताया था कि दरोगा उझानी रोड पर स्थित रामचंद्र शास्त्री मेमोरियल इंटर कॉलेज के सामने चतुरी नगला शाहपुर मोड़ पर पैसा लेगा।
उपनिरीक्षक द्वारा बताये गए समय पर ओमकार सिंह पैसा लेकर मौके पर पहुँच गए। वहाँ उप निरीक्षक हरगोविंद सिंह यादव पहले से ही मौजूद था। जैसे ही उप निरिक्षक ने ओमकार सिंह से 20 हजार रूपये लिए एंटी करप्शन टीम ने उसे पकड़ लिया। एंटी करप्शन टीम उप निरीक्षक को गाड़ी में बैठाकर उझानी थाने ले गयी और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। एंटी करप्शन ब्यूरो के सीओ यशपाल सिंह ने बताया कि दरोगा हरगोविंद सिंह यादव ने ओमकार से कार्रवाई के नाम पर रिश्वत की मांग की थी। आज बुधवार की दोपहर उसे रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया गया है। उप निरीक्षक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
| अभी तक पाठक संख्या |