सैदनगली/जिला अमरोहा - निकाह की रस्मो के बीच पहुँची दूल्हे की प्रेमिका ने किया हाईवोल्टेज हंगामा, बिना दुल्हन लिए वापस हुई बारात - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, नवंबर 18, 2025

सैदनगली/जिला अमरोहा - निकाह की रस्मो के बीच पहुँची दूल्हे की प्रेमिका ने किया हाईवोल्टेज हंगामा, बिना दुल्हन लिए वापस हुई बारात

www.newsindia17.com
दूल्हा अफसार व आरोप लगाती कथित प्रेमिका 

जिला अमरोहा के सैदनगली थाना क्षेत्र के एक गाँव मे कल सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गयी जब निकाह के दौरान पहुंची दूल्हे की प्रेमिका ने हंगामा कर दिया। निकाह के दौरान पहुंची युवती ने दूल्हे को अपना प्रेमी बताते हुए शारीरिक सम्बन्ध बनाने, पैसा हड़पने व अश्लील वीडियो बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए है। इस हंगामे के चलते निकाह को रोकना पड़ा और बारात वापस चली गयी।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गाँव निवासी किसान की बेटी का निकाह कल सोमवार को होना तय हुआ था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दूल्हा अफसार बारात लेकर हापुड़ से पहुंच गया था। बारातियो ने दोपहर का खाना खा लिया था और दूल्हा खाना खा रहा था। इसी दौरान उसकी प्रेमिका मौके पर आ पहुंची। मौके पर पहुंची प्रेमिका सीधे दूल्हे के पास पहुंची और बोली "जब मैंने मना किया था, तो दूसरी जगह शादी क्यों कर रहे हो? मैं तुम्हारी दूसरी शादी नहीं होने दूंगी।" इसके बाद उसने हंगामा करना शुरू कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। दुल्हन के घरवालों ने युवती को शांत कराया और हंगामे की वजह पूछी। युवती ने बताया, “मैं अफसार की प्रेमिका हूं और 8 साल से रिलेशन में हूं। अफसार ने शादी का भरोसा देकर मेरे साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाए। मैंने पहले ही गाजियाबाद में इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा रखा है। अब यह मुझे बताए बिना शादी करने आया है। इसने मुझे और इस लड़की दोनों को धोखा दिया है। कहता था तुमसे ही शादी करूंगा, अब झूठ बोलकर दूसरी शादी करने आया है। प्रेमिका ने दूल्हे पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, पैसे हड़पने और अश्लील वीडियो बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।


प्रेमिका ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को मामले की सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। जल्द ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। दूल्हे और प्रेमिका के बीच जमकर कहा-सुनी हुई। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और बाद में दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। इस हंगामे के चलते शादी की रस्मों को रोक दिया गया। थानाध्यक्ष विकास सहरावत ने बताया कि प्रेमिका ने दूल्हे अफसार के खिलाफ गत 16 नवंबर को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, एक लाख रुपये हड़पने और अश्लील वीडियो बनाने का मामला ट्रोनिका सिटी थाने में दर्ज कराया हुआ है।


पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों के बीच थाने में देर शाम तक बातचीत चलती रही। थानाध्यक्ष विकास सहरावत ने पुष्टि की कि इस मामले में फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है, क्योंकि लड़की पक्ष और लड़के पक्ष में समझौता हो गया। लड़की पक्ष को दहेज का सारा सामान और कुछ धनराशि वापस कर दी गई।शादी में हुए खर्च की भी कुछ धनराशि लड़की पक्ष को दी गई। समझौते के बाद यह मामला शांत हो गया और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या