![]() |
| कमरे का दरवाजा तोड़ते पुलिसकर्मी व दरवाजे के पीछे खूंटी से लटका युवक का शव |
आज गुरुवार की सुबह मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित बंद पड़े मकान मे एक युवक का खूंटी के सहारे लटका शव मिलने पर हड़कंप मच गया। शव मकान की दूसरी मंजिल पर बने अटैच बाथरूम मे सड़ी गली हालत मे था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेजने के साथ ही अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
मेडिकल थाना क्षेत्र के प्रवेश विहार स्थित उक्त दो मंजिला मकान डेढ़ वर्ष पूर्व तीन बिल्डरो ने साझे में बनाया था। बिल्डरो ने ये मकान बेचने के इरादे से बनाया था। इस मकान मे मुख्य भाग बिल्डर नरेंद्र मित्तल का है। ये मकान अभी तक नही बिका था और खाली पड़ा हुआ था। आज गुरुवार को बिल्डर नरेंद्र मित्तल कुछ काम कराने के लिए एक कारपेंटर को लेकर मकान पर आये थे। मकान का ताला खोलकर अंदर पहुंचे तो पूरे घर में असहनीय बदबू फैली हुई थी। अंदर कमरों में जाने पर दूसरी मंजिल के एक कमरे से बदबू और तेज हो गई।
बदबू और अंदर के हालात संदिग्ध लगने पर बिल्डर ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ ही एसपी सिटी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम दूसरी मंजिल पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।अंदर का दृश्य भयावह था। पुलिस को अटैच बाथरूम के दरवाजे की खूंटी के सहारे एक युवक का शव लटका मिला। शव के गले में फंदा और बुरी तरह से सड़ चुका था। पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र 25 से 35 साल के बीच लग रही है, लेकिन अभी उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव की हालत देखकर यह साफ है कि मौत लगभग एक हफ्ते पहले हुई होगी।
एसपी सिटी ने बताया, "शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। हम मृतक की पहचान करने के लिए आसपास के थानों में सूचना भिजवा रहे हैं।"
बिल्डर नरेंद्र मित्तल ने बताया कि उनकी जानकारी में इस मकान मे कोई नहीं रहता था। पूछताछ में सामने आया कि लगभग एक महीने पहले मकान बेचने के लिए ब्रोकर भूपेंद्र को चाबी दी गई थी। ब्रोकर भूपेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह 2-3 लोगों को मकान दिखाने लाए थे, लेकिन सौदा नहीं हुआ और उन्होंने चाबी बिल्डर को वापस कर दी थी। भूपेंद्र ने स्पष्ट किया कि जब उन्होंने एक महीने पहले चाबी लौटाई थी तब मकान में कोई शव नही था।
इस मकान के अगल-बगल खाली प्लॉट पड़े हैं। केवल पीछे की तरफ एक घर है, जिसमें एक बुजुर्ग महिला और उनकी बहू रहती हैं। पुलिस का मानना है कि युवक पीछे के खाली प्लॉट की तरफ से चढ़कर छत या ऊपरी हिस्से से मकान में दाखिल हुआ होगा, क्योंकि मेन गेट पर बिल्डर का ताला लगा हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण और समय का पता चल पाएगा। पुलिस अब मृतक की पहचान और घर में उसके घुसने के रास्ते की गहनता से जाँच कर रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
