आज शुक्रवार की तड़के शाहबाद मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में बोलेरो कार सवार जिला बदायूं के एक ही परिवार के 12 सदस्य घायल हो गए। परिवार एक शादी समारोह से वापस लौट रहा इसी दौरान उनकी गाड़ी को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सभी घायलों को तुरंत शाहबाद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
उक्त दर्दनाक हादसा आज शुक्रवार की तड़के करीब 03:30 बजे शाहबाद-रामपुर रोड पर रामगंगा नदी पुल से ठीक पहले हुआ। बदायूं जिले के बिसौली थाना क्षेत्र के धर्मपुर-बिहारीपुर गांव का यह परिवार रामपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहा था। पुलिस के अनुसार उनकी बोलेरो कार की एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी 12 लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत शाहबाद सीएचसी पहुंचाया गया। घायलों में बच्चों सहित कई महिलाएं शामिल हैं। घायलों के नाम दिशू पुत्री महिपाल, 10 वर्ष, सोमेश पुत्र महिपाल, 12 वर्ष, शीला देवी पत्नी महिपाल, 40 वर्ष, मीरापाल पत्नी सरेशपाल, 40 वर्ष, मोहिनी पुत्री सुरेन्द्र, 12 वर्ष, निशान्त पुत्र आदेश, 10 वर्ष, नेहा पुत्री राकेश, 14 वर्ष, गीता पत्नी धर्मपाल, 36 वर्ष, सुषमा पत्नी मनोज, 25 वर्ष, मुस्कान पुत्री पूरन, 16 वर्ष, राधा पत्नी कमलेश, 24 वर्ष व ब्रजबाला पत्नी सुरेन्द्र है।
सीएचसी के डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायलों की हालत स्थिर है और उन्हें आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। गंभीर चोट वाले कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है।शाहबाद पुलिस ने बताया कि दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

