
जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने दिल्ली में कांग्रेस की वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली में उमड़े जनसैलाब को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। पूर्व शिक्षा मंत्री डोटासरा ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि दिल्ली में वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को सुनने के लिए उमड़ा जनसैलाब इस बात का सबूत है कि देश जाग चुका है।
वोट चोरी और लोकतंत्र पर हो रहे हमलों के खिलाफ देश में आक्रोश है। आज हमला सिर्फ अधिकारों पर नहीं, बल्कि हर आम नागरिक की आवाज, उसके वोट और उसके भविष्य पर हो रहा है। संसद में जनहित के मुद्दों को दबाया जा रहा है और लोकतंत्र को वोट चोरी एवं एसआईआर जैसे षड्यंत्रों से कमजोर किया जा रहा है।
सच्चाई ये है कि अगर भाजपा ईमानदारी से निष्पक्ष चुनाव लड़ ले तो जनता उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा देगी। आज प्रदेश से हज़ारों कार्यकर्ताओं, नेताओं और आम लोगों के साथ महारैली में शामिल होकर जनता की आवाज बुलंद की।
इस बात के लिए जताया कांग्रेस कार्यकताओं का आभार
डोटासरा ने वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली में प्रदेश से दिल्ली पहुंचे कांग्रेस कार्यकताओं का भी आभार जताया है। उन्होंने रविवार को कहा कि आज राजस्थान से हजारों की संख्या में दिल्ली पहुंचकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली को ऐतिहासिक बनाने वाले सभी कार्यकर्ताओं और जनता जनार्दन का हृदय से आभार।
वोट चोरी के खिलाफ राजस्थान कांग्रेस के जिला, ब्लॉक, मंडल, पंचायत, बूथ और ग्राम स्तर के सभी कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं एवं समस्त कांग्रेसजनों ने एकजुटता व संकल्प से संविधान की रक्षा की इस लड़ाई को नई ताक़त दी है।
PC:X
अपडेट खबरों के लिए हमारावॉट्सएप चैनलफोलो करें