रामपुर/उत्तर प्रदेश - पति व 2 पत्नियो के विवाद मे पंचायत ने सुनाया अनोखा फैसला, पति को दिया तीन -तीन दिन दोनो के साथ रहने का आदेश - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, जुलाई 21, 2026

रामपुर/उत्तर प्रदेश - पति व 2 पत्नियो के विवाद मे पंचायत ने सुनाया अनोखा फैसला, पति को दिया तीन -तीन दिन दोनो के साथ रहने का आदेश

https://newsindia17.com/rampur-panchayat-unique-decision-husband-two-wives-three-days-each-order
एआई जनरेटेड इमेज 

जिला रामपुर के दढ़ियाल क्षेत्र में हुआ एक पारिवारिक विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है। यहाँ गांव की पंचायत ने पति व उसकी 2 पत्नियो के बीच हुए विवाद को सुलझाने के लिए अनोखा फैसला सुनाया है। पंचायत ने पति को सप्ताह में तीन-तीन दिन दोनों पत्नियों के साथ रहने का निर्देश दिया, जबकि सप्ताह का एक दिन उसकी इच्छा पर छोड़ दिया गया। पंचायत के इस फैसले को पति और दोनों पत्नियों ने स्वीकार कर लिया, जिसके बाद मामला शांत हो गया।


जानकारी के अनुसार क्षेत्र निवासी एक युवक की शादी करीब 14 वर्ष पहले उत्तराखंड निवासी युवती से हुई थी। इस विवाह से दोनों की 2 बेटियां हैं। आरोप है कि करीब 4 वर्ष पहले बेटे की चाह में युवक ने दूसरी शादी कर ली। हालांकि दूसरी पत्नी से भी उसे 2 बेटियां ही हुईं। बताया जाता है कि दूसरी शादी के बाद युवक अधिकतर समय दूसरी पत्नी के साथ रहने लगा। युवक के ऐसा करने पर पहली पत्नी खुद को उपेक्षित महसूस करने लगी। पति की बेरुखी और घरेलू खर्च न मिलने से परेशान पहली पत्नी ने कल सोमवार को स्थानीय पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जानकारी जुटा ही रही थी कि गांव के लोगों ने आपसी सहमति से पंचायत बुला ली।


पंचायत में दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद पंचों ने परिवार को टूटने से बचाने के उद्देश्य से समझौते का प्रस्ताव रखा। पंचायत ने फैसला दिया कि पति सप्ताह में 3 दिन पहली पत्नी और 3 दिन दूसरी पत्नी के साथ रहेगा। सप्ताह का एक दिन उसकी व्यक्तिगत इच्छा पर रहेगा। पंचायत ने यह भी तय किया कि युवक पहली पत्नी के घर हर महीने पूरा राशन उपलब्ध कराएगा और ₹2,000 प्रतिमाह घरेलू खर्च के रूप में देगा, ताकि बच्चों और परिवार के पालन-पोषण में कोई परेशानी न हो।


पंचायत के इस निर्णय को पति और दोनों पत्नियों ने स्वीकार कर लिया है। इसके बाद पहली पत्नी ने पुलिस में दी गई शिकायत को आगे नहीं बढ़ाया। स्थानीय पुलिस का कहना है कि फिलहाल दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से विवाद समाप्त हो गया है। भविष्य में किसी पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त होने पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


गांव की पंचायत का यह अनोखा फैसला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे पारिवारिक विवाद को आपसी सहमति से सुलझाने का प्रयास मान रहे हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे मामलों में कानूनी प्रक्रिया और व्यक्तिगत अधिकारों को भी महत्वपूर्ण बता रहे हैं। फिलहाल दोनों परिवार पंचायत के फैसले के अनुसार रहने पर सहमत हैं।

conter12
अभी तक पाठक संख्या