जिला सम्भल के जुनावई थाना क्षेत्र मे आज शुक्रवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने कर प्रयास किया मगर सफलता नही मिल सकी। शव के सीने पर सनी लव नेहा गुदा हुआ है। ये निशान ही अब शव की पहचान का मुख्य आधार बना हुआ है। फ़िलहाल पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शुक्रवार की सुबह थाना क्षेत्र के ग्राम पूरन जट्टी निवासी किसान अपने खेतो की ओर जा रहे थे। इन किसानो ने देखा कि जंगल मे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणो की भारी भीड़ जुट गयी। शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुँच गयी। पुलिस को शव की तलाशी के दौरान जेब से गांजे की एक पुड़िया बरामद हुई है। इसके साथ ही मौके से एक बैग भी मिला है। इस बैग मे कुछ कपड़े रखे हुए थे। शव के पास से कोई मोबाइल फोन, आधार कार्ड आदि नही मिला है। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जाँच पड़ताल की।
पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया मगर सफलता नही मिली। थानाध्यक्ष जुनावई अखिलेश प्रधान ने बताया कि शव को देखने से प्रतीत होता है कि मौत बीती रात हुई है। युवक की जेब से नशीला पदार्थ (गांजा) मिलने के कारण प्रथम दृष्टया नशे के ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, शरीर पर 'सनी लव नेहा' गुदा होना किसी प्रेम प्रसंग की ओर भी इशारा कर सकता है। मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
युवक की पहचान के लिए पुलिस ने उसका फोटो वॉट्सऐप, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया ग्रुप्स पर प्रसारित किया है। पुलिस ने आसपास के थानों को भी सूचित कर दिया है ताकि लापता युवाओं के रिकॉर्ड से मिलान किया जा सके। फिलहाल शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहाँ पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

