मेरठ के बहुचर्चित ललिता गौतम हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी अंकुश चौधरी की गिरफ्तारी के बाद अब उसके भाई अंकित चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया है। अंकित चौधरी पीएसी जवान है और वर्तमान मे मुरादाबाद में तैनात बताया जा रहा है। पुलिस कल देर रात उसे हिरासत में लेकर मेरठ आयी और आज बुधवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
पाठको को बताना उचित होगा कि मूल रूप से रोहटा थाना क्षेत्र के थिरोट गांव की निवासी ललिता गौतम आयु 20 वर्ष बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। वह वर्तमान में अपने परिवार के साथ टीपी नगर थाना क्षेत्र के गगन एन्क्लेव में किराये के मकान में रह रही थी। बीती 15 मई को वह परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने टीपी नगर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें ललिता को कल्याणपुर गांव निवासी अंकुश चौधरी के साथ जाते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने अंकुश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि उसे ललिता के मोबाइल फोन में कुछ फोटो और चैट देखकर शक हुआ था, जिसके बाद उसने उसकी हत्या कर दी।
आरोपी के निशानदेही पर पुलिस रोहटा थाना क्षेत्र के उकसिया गांव के समीप गन्ने के खेत में पहुंची, जहां से ललिता का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई गई। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने मुख्य आरोपी के भाई अंकित चौधरी की भूमिका की भी पड़ताल शुरू की। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा था कि उसने साक्ष्य मिटाने में मदद की थी, लेकिन बाद में सामने आया कि घटना के दिन वह छुट्टी लेकर मेरठ आया हुआ था। इसी आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी।
सूत्रों के अनुसार मेरठ पुलिस ने मुरादाबाद पीएसी अधिकारियों से संपर्क करने के बाद मंगलवार देर रात अंकित चौधरी को हिरासत में लिया और उसे मेरठ ले आई। पुलिस ने आज बुधवार सुबह उसका चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब इस मामले में संभावित तीसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

