जिला अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र से सरकारी राशन की दुकान पर की जा रही घटतौली का विरोध करने पर एक महिला उपभोक्ता के साथ मारपीट किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया माध्यमो पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जाँच शुरू कर दी है। इस मामले मे पीड़िता द्वारा भी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम अगरौला कला की निवासी सुशीला देवी राशन डीलर विजय सिंह की दुकान पर खाद्यान्न लेने गई थीं। सुशीला का आरोप है कि डीलर द्वारा उन्हें प्रति यूनिट निर्धारित 5 किलो राशन के स्थान पर केवल 4 किलो राशन दिया जा रहा था। इस घटतौली का विरोध करने और नियमानुसार पूरा राशन देने की मांग करने पर डीलर के परिजन उग्र हो गए। सुशीला देवी द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया गया कि विरोध करने पर डीलर के पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि महिला के साथ मारपीट की गई, जिसमें वह घायल हो गईं। शोर-शराबा सुनकर पीड़िता के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इस के चलते वहां काफी देर तक हंगामा होता रहा। मौके पर मौजूद किसी ग्रामीण ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
दूसरी ओर राशन डीलर विजय सिंह ने घटतौली के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। डीलर का दावा है कि विवाद राशन कम देने को लेकर नहीं, बल्कि वितरण के दौरान दिए जाने वाले मिर्च-मसाले के पैसे मांगने पर हुआ था। डीलर के अनुसार महिला से इन सामानों के पैसे मांगे जाने पर दोनो पक्षो के बीच कहासुनी हुई थी।
पीड़िता ने हसनपुर कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। इस संबंध में कोतवाल राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है और तहरीर प्राप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस वायरल वीडियो और दी गई तहरीर के आधार पर निष्पक्ष जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के बाद दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
