नहटौर/जिला बिजनौर - सड़क हादसे में घायल 4 माह के मासूम की मौत पर आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्रवाई की माँग को लेकर घेरा थाना, आश्वासन मिलने पर हुए शांत - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, अप्रैल 06, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - सड़क हादसे में घायल 4 माह के मासूम की मौत पर आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्रवाई की माँग को लेकर घेरा थाना, आश्वासन मिलने पर हुए शांत

www.newsindia17.com

गत तीन दिन पूर्व नहटौर-शादीपुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 4 माह के मासूम की आज सोमवार की तड़के उपचार के दौरान हुई मौत की सूचना मिलते ही परिजनो मे  कोहराम मच गया। इस घटना पर आक्रोशित मृतक के परिजनो ने सैकड़ों ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। देर तक चले हंगामे के बाद मृतक के पिता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किये जाने व कड़ी कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर ग्रामीण  शांत हुए।


थाना क्षेत्र के गाँव किशनपुर भोगन निवासी गौरव कुमार पुत्र विजयपाल सिंह ने पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया कि बीते 3 अप्रैल की रात करीब 9 बजे वह अपनी पत्नी आकांशा देवी और 4 माह के बेटे दिव्यांश के साथ मारुति ईको कार से घर लौट रहे थे। इस दौरान ग्राम रुगड़ी के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार टाटा पंच कार (UP17W8860) ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गौरव, उनकी पत्नी और मासूम बच्चा तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मासूम दिव्यांश की नाजुक हालत को देखते हुए परिजनों ने उसे धामपुर के पाल नर्सिंग होम व दुष्यंत नर्सिंग होम ने भर्ती कराया गया था। यहाँ उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए पहले बिजनौर और फिर बिजनौर से जॉलीग्रांट ऋषिकेश रेफर कर दिया गया था। यहाँ भी दिव्यांश की हालत मे कोई सुधार न होने पर चिकित्सको ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया था। जहाँ आज सोमवार की सुबह करीब 4 बजे उसने दम तोड़ दिया।


सड़क हादसे की शिकार हुए मासूम की मौत पर आक्रोशित किशनपुर भोगन के सैकड़ों ग्रामीण, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी सोमवार को नहटौर थाने पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप था कि आरोपी कार चालक संजीव पुत्र दयाराम, निवासी ग्राम ककराला लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराते हुए तुरंत मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया।


प्रभारी निरीक्षक नहटौर रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी कार चालक संजीव के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


सड़क हादसे मे हुई  4 माह के मासूम की मौत से न केवल परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, बल्कि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीण इस शर्त पर वापस लौटे कि आरोपी के खिलाफ जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या