बिलारी/जिला मुरादाबाद - हनीट्रैप के जाल में फंसा युवक, युवती ने अश्लील वीडियो बना ठगे 10 लाख, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, अप्रैल 11, 2026

बिलारी/जिला मुरादाबाद - हनीट्रैप के जाल में फंसा युवक, युवती ने अश्लील वीडियो बना ठगे 10 लाख, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज

www.newsindia17.com
एआई जनरेटेड इमेज 
जिला मुरादाबाद के बिलारी थाना क्षेत्र से हनीट्रैप का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक युवती ने अपने पिता और प्रेमी के साथ मिलकर युवक को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसकी अश्लील वीडियो बना ली। इस अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करते हुए आरोपियों ने युवक से अब तक 10 लाख रुपए ऐंठ लिए हैं और अब 10 लाख की अतिरिक्त मांग कर रहे हैं। पुलिस ने अदालत के आदेश पर चार नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र का एक गांव निवासी युवक अक्सर पड़ोस के गाँव स्थित अपने ननिहाल जाता रहता था। वहीं उसकी मुलाकात आरोपी युवती से हुई थी। ये युवती वर्तमान में नोएडा में रह रही है और युवक से व्हाट्सएप के जरिए बातचीत करती थी। आरोप है कि पिछले दिनों युवक किसी काम के सिलसिले में दिल्ली गया था। इसी दौरान युवती ने फोन कर उसे अपने कमरे पर बुला लिया। यहाँ युवती के पिता और भाई पहले से मौजूद थे। आरोप है कि इन्होने युवक को चाय में नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया गया और उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली गई।

होश में आने के बाद आरोपियों ने युवक को वीडियो दिखाकर डराना-धमकाना शुरू कर दिया। बदनामी के डर से युवक अब तक कई किस्तों मे आरोपियो को 10 लाख से अधिक की राशि दे चुका है। आरोप है कि युवती, उसका पिता और प्रेमी मिलकर एक संगठित गैंग चला रहे हैं। ये लोग अलग-अलग नंबरों से फोन कर युवक को फंसाने की धमकी दे रहे हैं और अब 10 लाख रुपए की और मांग कर रहे हैं। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि यह गिरोह केवल उसे ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के कई अन्य युवकों को भी इसी तरह अपने जाल में फंसाकर टॉर्चर कर रहा है और उनसे लाखों रुपए ठग चुका है।

पीड़ित ने इस मामले में एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर अदालत की शरण ली। अदालत के सख्त रुख के बाद अब बिलारी थाना पुलिस ने चार नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
web counter free
अभी तक पाठक संख्या