![]() |
| एआई जनरेटेड इमेज |
जनपद बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक नवविवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे जिंदा जलाने की साजिश रचने और पति द्वारा अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नहटौर थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता सुनीता कुमारी ने पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 21 फरवरी 2025 को ग्राम सदुल्लाखानपुर निवासी जोगेंद्र सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। पीड़िता के भाई ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया था, जिसके लिए उसने बैंक और सोसाइटी से भारी कर्ज भी लिया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति जोगेंद्र सिंह, ससुर अमर सिंह और सास उर्मिला ने 2 लाख रुपये अतिरिक्त नकद की मांग शुरू कर दी और मांग पूरी न होने पर सुनीता को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, ससुराल वालों की क्रूरता की हद तब पार हो गई जब उन्होंने सुनीता को जिंदा जलाकर मारने की खौफनाक योजना बनाई। पीड़िता का दावा है कि उसे इस साजिश की भनक लग गई, जिसके बाद उसने अपनी जान बचाने के लिए पूरी रात घर के बाहर बैठकर काटी।
दहेज प्रताड़ना के साथ-साथ पीड़िता ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जोगेंद्र सिंह ने धोखे से उसके अश्लील वीडियो बना लिए हैं। आरोप है कि अब आरोपी पति उन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहा है और चुप रहने का दबाव बना रहा है। प्रभारी निरीक्षक नहटौर रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
