गुन्नौर/जिला संभल - निकाह के 8 दिन बाद ही विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, दिया तीन तलाक, मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, अप्रैल 07, 2026

गुन्नौर/जिला संभल - निकाह के 8 दिन बाद ही विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, दिया तीन तलाक, मुकदमा दर्ज

www.newsindia17.com
एआई जनरेटेड इमेज 
जिला संभल के गुन्नौर थाना क्षेत्र से निकाह के मात्र 8 दिन बाद ही एक विवाहिता को तीन तलाक देकर घर से निकाले जाने का मामला प्रकाश मे आया है। इस मामले मे पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा गुन्नौर की नई बस्ती निवासी खुशनुमा का निकाह 17 फरवरी 2026 को जोएब निवासी मौहल्ला शीशमहल, बिसौली के साथ हुआ था। निकाह के समय खुशनुमा के परिजनो ने सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज दिया था। इस सबके बाद भी खुशनुमा का पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य संतुष्ट नहीं थे। निकाह के बाद से ही पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों ने अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए खुशनुमा को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था।

पुलिस को दी गयी तहरीर मे पीड़िता ने बताया कि निकाह के अगले दिन से ही ससुराल पक्ष ने उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसे खाने-पीने के लिए तरसाया जाता था और छोटी-छोटी बातों पर तानें दिए जाते थे। इसी सबके चलते निकाह के मात्र 8 दिन बाद ही  25 फरवरी की दोपहर जब वह घरेलू कामकाज कर रही थी ससुराल वालों ने एकजुट होकर बेरहमी से उसको पीटा। शोर सुनकर मौके पर पहुँचे पड़ोसियों ने किसी प्रकार उसकी जान बचाई।

खुशनुमा ने बताया कि मारपीट के बाद उसका पति उसे बस में बैठाकर गुन्नौर चौराहे पर छोड़ गया। उसके द्वारा साथ चलने की मिन्नते करने पर पति ने सरेआम उसे तीन बार 'तलाक' बोलकर उससे रिश्ता खत्म कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।

प्रभारी निरीक्षक गुन्नौर राजीव मलिक ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति जोएब समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने खुशनुमा की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस टीम मामले की जांच और आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है। इस घटना के बाद से पीड़िता के परिवार में कोहराम मचा है और स्थानीय निवासी इस अमानवीय व्यवहार की कड़ी निंदा कर रहे हैं।
counter
अभी तक पाठक संख्या