फतेहगंज पश्चिमी/जिला बरेली - पुलिस ने किया फैक्टरी कर्मी हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, महज साढ़े 3 हजार के लिए हत्या करने वाले 2 दोस्त गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, मई 19, 2026

फतेहगंज पश्चिमी/जिला बरेली - पुलिस ने किया फैक्टरी कर्मी हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, महज साढ़े 3 हजार के लिए हत्या करने वाले 2 दोस्त गिरफ्तार

https://newsindia17.com/bareilly-fatehganj-factory-worker-murder-revealed-two-arrested/

जिला बरेली की फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस ने आज गत शुक्रवार को हुई भोजीपुरा निवासी आइसक्रीम फैक्ट्री कर्मचारी की हत्या का आज मंगलवार को सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। महज 3500 रुपये के लिए फैक्ट्री कर्मी के दोस्तो ने ही इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। शुरुआत मे मौत का कारण अत्यधिक शराब पीना माना जा रहा था मगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट मे गला दबाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने कड़िया जोड़ी और आरोपियो तक पहुंचने मे सफल रही।


फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि गत शुक्रवार की शाम मड़ौली गाँव के पास नहर की पटरी पर एक युवक का शव पड़ा मिला था। इस शव की शिनाख्त आदेश मिश्रा पुत्र चेतराम, निवासी गाँव मुड़िया, थाना क्षेत्र भोजीपुरा के रूप मे हुई थी। परिजनो ने बताया था कि आदेश गुरुवार शाम को एक शादी समारोह मे शामिल होने गया था। इसके बाद से वह लापता था और उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था। बाद मे उसका फोन शादी समारोह मे शामिल रहे इसके दोस्तो के पास सुरक्षित मिला था। बताया गया था कि ये मोबाइल कही गिर गया था।


एएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि हत्यारे अज्ञात थे इसलिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास गहनता से  जाँच पड़ताल  शुरू की थी। इसी दौरान पुलिस को फरीदपुर के बल्लिया निवासी सोनू कश्यप और मीरगंज के नगरिया सादात निवासी शहंशाह के बारे में अहम जानकारी मिली। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और कड़ाई से पूछताछ करने पर इन्होने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सोनू ने बताया कि 15 मई की सुबह वह अपने दोस्त शहंशाह के साथ गाँव जा रहा था। इसी दौरान रास्ते मे शंखा पुल पर उनकी मुलाकात आदेश से हुई। आदेश शादी समारोह से आ रहा था और वहाँ डांस करने के दौरान गिरने के कारण उसके सिर पर हल्की चोट लगी हुई थी। सोनू और शहंशाह उसे ऑटो में बैठाकर बल्लिया ले गए और मरहम पट्टी कराई।


यहाँ से तीनो मड़ौली स्थित एक खोखे से शराब लेने पहुंचे। वहाँ आदेश द्वारा भुगतान किये जाने के दौरान उनकी नजर उसके पर्स मे मौजूद 3500 रूपये पर पड़ी और नीयत खराब हो गयी। दोनो आरोपी आदेश को लेकर नहर पटरी पर पहुंचे और योजना के अनुसार उसे अत्यधिक शराब पिलाई। आदेश के नशे मे धुत्त होने पर दोनो ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और पर्स से पैसे निकालकर शव मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हत्या के बाद उन्होंने आदेश के पर्स से मिले रुपयों को आपस में बांट लिया था। इसमें सोनू के हिस्से में 1700 रुपये और शहंशाह के हिस्से में 1800 रुपये आए थे। लूट की रकम बांटने के बाद दोनों हाईवे से वाहन पकड़कर मीरगंज लौट गए थे। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

counter
अभी तक पाठक संख्या