जिला बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ अपनी प्रेमिका से निकाह करने की जिद मे एक सिरफिरे आशिक ने अपनी जान दांव पर लगा दी। युवक हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया और प्रेमिका के साथ निकाह कराने की मांग करते हुए नीचे कूदने की धमकी देने लगा। करीब दो घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को नीचे उतारा। पुलिस ने युवक का शांति भंग की धाराओ के तहत चालान कर दिया है।
उक्त फ़िल्मी नजारा कल मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे थाना क्षेत्र के गाँव साफियाबाद मे देखने को मिला। बताया गया कि गाँव निवासी समीर का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। कल मंगलवार की शाम किसी बात को लेकर उसका प्रेमिका के साथ विवाद हो गया था। इसके बाद घर से निकला समीर रेलवे लाइन किनारे लगे ऊँचे हाईटेंशन बिजली के टावर पर जा चढ़ा। टावर के ऊपर चढ़ने के बाद समीर ने जोर जोर से चिल्लाना शुरू आकर दिया। टावर पर चढ़े समीर ने कहा कि प्रेमिका के साथ निकाह कराने का पक्का आश्वासन मिलने तक वह नीचे नही उतरेगा।
आधी रात के समय युवक को टावर पर चढ़ा देख गांव मे हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणो की भीड़ जुट गयी। इस भीड़ मे कुछ लोग समीर को नीचे उतरने के लिए कह रहे थे तो कुछ लोग इस पुरे ड्रामे की वीडियो बनाने में व्यस्त थे। हादसे की आशंका को देखते हुए ग्रामीणो ने तुरंत ही पुलिस को सूचित किया। मामला हाईटेंशन लाइन से जुड़ा होने के कारण प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार बिना वक्त गंवाए पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने टावर के नीचे जुटी भीड़ को दूर खदेड़ा और युवक को समझाने का प्रयास किया।
पुलिसकर्मियों ने समीर को समझाने का हरसंभव प्रयास किया। इस दौरान कई बार ऐसा लगा कि समीर मान गया है और नीचे उतर रहा है, लेकिन वह थोड़ा नीचे आते ही फिर से निकाह की जिद पर अड़ जाता और दोबारा ऊपर चढ़ जाता। आखिरकार करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत, मिन्नतों और सूझबूझ भरी रणनीति के बाद पुलिसकर्मियों ने समीर को बातों में उलझाकर सकुशल नीचे उतारने में सफलता हासिल की।
नीचे उतरते ही पुलिस ने समीर को तुरंत हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि युवक ने अपनी जान तो जोखिम में डाली ही, साथ ही आधी रात को कानून-व्यवस्था के लिए भी संकट खड़ा किया। समीर के खिलाफ शांति भंग की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है और उसका चालान कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
