![]() |
| समाचार सुनने के लिए क्लिक करे |
जिला बिजनौर के शिवाला कला थाना क्षेत्र से दोस्ती के रिश्ते को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आयी है। यहाँ एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने आए अमरोहा के 23 वर्षीय युवक की दूसरे दोस्त ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला संपत्ति के पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला अमरोहा के नौगांवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आल्हैदादपुर टांडा निवासी लोकेश उर्फ टंडेल आयु 23 वर्ष पुत्र जीवन सिंह की शिवाला कला निवासी विशाल पाल से गहरी दोस्ती थी। कल गुरुवार को विशाल पाल का जन्मदिन था। इस अवसर पर आयोजित पार्टी मे शामिल होने के लिए लोकेश भी शिवाला कला आया हुआ था। पार्टी में विशाल के कई अन्य दोस्त भी मौजूद थे। जिनमें स्थानीय निवासी सिंटू उर्फ सचिन भी शामिल था। रात लगभग 10 बजे सिंटू पार्टी से विदा लेकर अपने घर के लिए निकल गया था।
आरोप है कि घर पहुँचने के बाद सिंटू ने लोकेश को फोन किया और किसी बहाने से अपने घर बुलाया। लोकेश अपने दोस्तों विशाल पाल, लक्की और उज्जवल के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर सिंटू के घर के लिए रवाना हुआ। अभी वे रास्ते में ही थे कि घात लगाए बैठे सिंटू और उसके साथियों विशाल उर्फ बिच्छू पुत्र सतीश, प्रियांशु चौहान पुत्र संजीव तथा सिद्धार्थ पुत्र रामू ने उन्हें रोक लिया। इससे पहले कि लोकेश कुछ समझ पाता, हमलावरों ने उस पर धावा बोल दिया। इसी बीच एक आरोपी सिंटू ने अवैध तमंचे को लोकेश की कनपटी से सटाकर गोली दाग दी। गोली चलते ही लोकेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
लोकेश के दोस्तों ने तुरंत इस खौफनाक वारदात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने घायल लोकेश को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नूरपुर भिजवाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुँच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
उक्त घटना के मामले में मृतक के भाई अंकुल की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सिंटू उर्फ सचिन, विशाल उर्फ बिच्छू, प्रियांशु चौहान और सिद्धार्थ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अब तक की विवेचना में मृतक और आरोपियों के बीच किसी संपत्ति को लेकर पुराना विवाद होने की बात सामने आ रही है, जिसकी वजह से इस हत्या को अंजाम दिया गया। पुलिस की टीमे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

