मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - पुलिस ने किया पीतल कारोबारी के घर से हुई करोड़ो की लूट का सनसनीखेज खुलासा, इश्क में अंधी बेटी ने ही प्रेमी संग मिलकर रची थी साजिश - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, मई 14, 2026

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - पुलिस ने किया पीतल कारोबारी के घर से हुई करोड़ो की लूट का सनसनीखेज खुलासा, इश्क में अंधी बेटी ने ही प्रेमी संग मिलकर रची थी साजिश

https://newsindia17.com/moradabad-brass-businessman-robbery-daughter-conspiracy-with-boyfriend-revealed/

उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद पुलिस ने गत 11 मई को पीतल कारोबारी के घर हुई 1.20 करोड़ की डकैती का चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि कारोबारी की ही 21 वर्षीय बेटी अरीबा निकली। अरीबा ने अपने बॉयफ्रेंड अरशद वारसी के साथ मिलकर इस पूरी डकैती की पटकथा लिखी थी ताकि वे शादी कर सकें और परिवार से दूर ऐशो-आराम की जिंदगी जी सकें। दोनों शादी करना चाहते थे मगर परिजन इसके लिए सहमत नही थे। पुलिस ने अरीबा और उसके प्रेमी समेत 5 आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया है।


पाठको को बताना उचित होगा कि महानगर के नागफनी थाना क्षेत्र मे स्थित अकबर कम्पाउंड मे पीतल कारोबारी इमरान अपने परिवार के साथ रहते है। उनके परिवार मे पत्नी सीमा के साथ ही 4 बच्चे अरीब आयु 26 वर्ष, अरकान आयु 23 वर्ष, अरीबा आयु 21 वर्ष व अलीजा आयु 19 वर्ष है। गत 11 मई को तड़के लगभग 3.40 बजे घर मे घुसे अज्ञात बदमाशो ने कारोबारी के बेटे को तमंचे की नोक पर बंधक बनाकर 1 करोड़ 20 लाख की नकदी व 6 तोला गहनो की लूट को अंजाम दिया था। इमरान के घर के मुख्य द्वार डिजिटल लॉक लगा हुआ है। घर मे घुसे बदमाशो ने न ही इस लॉक को तोडा था और न ही किसी अन्य रास्ते से अंदर पहुंचे थे। पुलिस को शक था कि घर का ही कोई सदस्य बदमाशो के साथ मिला हुआ है।


उक्त घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद से ही पुलिस मामले की जाँच मे जुटी थी। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कारोबारी की बेटी अरीबा तक का पहुंची और उसे हिरासत मे ले लिया। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे अरीबा टूट गयी और सच उगल दिया।


अरीबा ने बताया कि अरशद वारसी आयु 27 वर्ष निवासी अमरोहा के साथ गत 8 वर्षो से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों शादी करना चाहते थे। इसके लिए उसके परिजन तैयार नही थे। अरीबा और अरशद साथ जीने का फैसला कर चुके थे और परिवार से दूर जाकर रहना चाहते थे। इसके लिए प्रेमी युगल को पैसे की जरूरत थी। अरीबा ने अरशद को बताया कि उसके पिता बड़े कारोबारी है और घर मे काफी नकदी रहती है। इस पर अरशद ने कहा कि तुम अपने घर से नकदी चोरी करा दो फिर दोनो की जिंदगी आराम से कट जाएगी। अरीबा इसके लिए तैयार हो गयी और दोनो ने एक खौफनाक साजिश रच डाली। पुलिस पूछताछ में अरीबा ने बताया कि उसने करीब एक माह पहले ही घर के मुख्य द्वार की एक चाभी बनवाकर अरशद को दे दी थी। उसने अरशद से कहा था कि वह इस चाभी से गेट खोलकर अंदर आ जाए और डिजिटल लॉक को वह खुद ही खोल देगी।


अरशद ने इस घटना को अंजाम देने के लिए अपने 7 अन्य दोस्तो के साथ कारोबारी के घर की कई बार रेकी की थी। योजना के अनुसार गत 11 मई की सुबह अरशद अपने साथियो के साथ घर मे दाखिल हो गया और अरीबा ने भी बटन दबाकर डिजिटल लॉक को खोल दिया। घर मे घुसे इन आरोपियो ने कारोबारी के पुत्र को तमंचे की नोक  पर लेकर लूट की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।


पुलिस ने इस मामले मे 5 आरोपियो अरीबा, उसके प्रेमी अरशद वारसी के साथ ही कुलदीप आयु 26 वर्ष निवासी गांव मनोहरवाला, थाना क्षेत्र मझोला, रवि आयु 26 वर्ष निवासी गाँव बिजरा, थाना नौंगावा सादात, जिला अमरोहा व निक्की आयु 21 वर्ष, निवासी गांव तिगरिया भूड़, थाना क्षेत्र गजरौला, जिला अमरोहा को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियो के पास से 47 लाख 24 हजार की नकदी, कई अवैध हथियार व 2 कार बरामद की गयी है। आरोपियो के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम 3 अन्य फरार आरोपियो की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या