जिला पीलीभीत के अमरिया थाना क्षेत्र से विदेश जाकर नौकरी करने और भविष्य बेहतर बनाने का सपना देखने वाले एक युवक के साथ लाखो की ठगी किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। आरोपियो द्वारा पीड़ित को फर्जी वीजा व हवाई टिकट दिए जाने के बाद इस मामले का खुलासा हुआ। पीड़ित द्वारा पैसा वापस मांगे जाने पर आरोपियो द्वारा दिया गया चेक भी बाउंस हो गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अमरिया पुलिस ने दो आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
अमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम तुमड़िया निवासी भीखानाथ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात सुखजीत सिंह निवासी बिलासपुर से हुई थी। सुखजीत ने भीखानाथ को झांसा दिया कि वह उसके बेटे को रूस भिजवाकर अच्छी नौकरी लगवा सकता है। इसके लिए उसने उत्तराखंड के खटीमा निवासी अपने साथी सुखदीप सिंह से भी मुलाकात कराई और दावा किया कि सुखदीप विदेश भेजने का पूरा काम देखता है।
पीड़ित के अनुसार 30 सितंबर 2025 को जब उसने अपने बेटे को आरोपियों से मिलवाया था। इसी समय आरोपियो ने पासपोर्ट, वीजा और अन्य कानूनी अनुमति के नाम पर शुरुआती खर्च लगभग 4 लाख रुपये बताया था। दोनो ठगो के झांसे में आकर पीड़ित ने अपनी जमीन और जमापूंजी जोड़कर अलग-अलग तारीखों में बैंक ट्रांसफर और नकद मिलाकर कुल 5 लाख 60 हजार रुपये आरोपियों को सौंप दिए।
रुपये ऐंठने के बाद आरोपियों ने पीड़ित युवक को कुछ दस्तावेज और हवाई टिकट सौंप दिए। इन कागजातों की जांच कराये जाने पर वे पूरी तरह फर्जी पाए गए। ठगी का अहसास होने पर भीखानाथ द्वारा पैसा वापस मांगे जाने पर आरोपियो टाल मटोल शुरू कर दी। काफी दबाव बनाने पर आरोपियों ने पीड़ित को दो लाख साठ हजार रुपये का एक चेक थमा दिया, बैंक में लगाने पर वह चेक भी बाउंस हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि चेक बाउंस होने के बाद आरोपियों के घर जाकर पैसा नकद मे दिए जाने की मांग करने पर आरोपी आगबबूला हो गए। उन्होंने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थक-हारकर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक की चौखट पर न्याय की गुहार लगाई।

