आज शनिवार को बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में लखनऊ हाईवे से करीब चार सौ मीटर अंदर खेत में एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। युवती की पोशाक से कयास लगाए जा रहे हैं कि वह किसी इंटर कॉलेज की छात्रा थी। पुलिस को आशंका है कि युवती की गला दबाकर बेरहमी से हत्या की गई है। घटनास्थल पर मिले संघर्ष के निशानों को देखते हुए पुलिस मामले की गहराई से तफ्तीश में जुट गई है।
ग्रामीणो द्वारा शव मिलने की सूचना दिए जाने पर सीबीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरिक्षण किया। मृतका ने इंटर कॉलेज की छात्राओ द्वारा पहनी जाने वाली स्कूल ड्रेस जैसी पोशाक पहनी हुई थी। पुलिस को युवती के गले पर गहरे निशान मिले है जो गला घोंटे जाने की ओर इशारा करते है। इसके साथ ही उसके हाथ पैर पर भी चोट के निशान है। इन निशानो को देखकर लगता है कि दम तोड़ने से पहले युवती ने हमलावरो से बचने के लिए संघर्ष किया था।
थाना प्रभारी सीबीगंज प्रदीप चतुर्वेदी द्वारा सूचना दिए जाने पर उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य और पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला गला दबाकर हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच को गति देने के लिए चार विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का अनुमान है कि या तो युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर करके शव को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से यहाँ फेंका गया है, या फिर उसे बाहर से यहाँ लाकर इसी सुनसान खेत में मौत के घाट उतारा गया। पुलिस मृतका की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीम सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के द्वारा आरोपियो का पता लगाने मे जुटी है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मृतका की पहचान कर घटना का अनावरण किया जाएगा।

