जिला सम्भल के हयातनगर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला दहेज प्रताड़ना व तीन तलाक से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहाँ ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग पूरी न होने पर पहले विवाहिता को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया और फिर पति ने तीन तलाक बोलकर सम्बन्ध समाप्त कर लिए। इस मामले मे एसपी के निर्देश पर पति समेत ससुराल पक्ष के 5 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जाँच
शुरु कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नखासा थाना क्षेत्र निवासी फिरोज का निकाह वर्ष 2023 मे तरन्नुम (परिवर्तित नाम) निवासी हयातनगर थाना क्षेत्र के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति फिरोज, सास हदीसा, देवर जमाल, नन्दोई फैसल और ननद सानिया ने कम दहेज लाने का ताना देते हुए तरन्नुम को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। ससुराल वाले तरन्नुम पर मायके से एक बुलेट बाइक व दो लाख रूपये नकद लाने का दबाब बना रहे थे। ये मांग पूरी न होने पर तरन्नुम को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
पुलिस को दी गयी तहरीर मे पीड़िता ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व भी आरोपियो ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया था। उस समय रिश्तेदारो व समाज के अन्य लोगो द्वारा बीच बचाव करने पर दोनो पक्षो के बीच समझौता हो गया था। इस समझौते के बाद तरन्नुम हालत बदलने की आस मन मे लिए ससुराल वापस आ गयी थी। मगर इस सबके बाद भी ससुराल पक्ष वालो के व्यवहार मे कोई बदलाव नही आया और फिर से उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद से पीड़िता अपने मायके मे रह रही थी।
पीड़िता ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि गत 10 अप्रैल को ससुराल पक्ष के लोग अचानक ही उसके मायके आ पहुंचे और फिर से दहेज की मांग की। पीड़िता की माँ ने लाचारी जताते हुए किसी प्रकार 50 हजार देने की आश्वासन दिया मगर वे नही माने और भड़क उठे। आरोप है कि ससुराल वालो ने तरन्नुम और उसके परिजनो पर हमला कर दिया। इस बीच तरन्नुम के देवर जमाल ने दरिंदगी की हद पार करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए और दुष्कर्म का भी प्रयास किया।
इसी हंगामे और मारपीट के बीच पति फिरोज ने समाज और कानून की परवाह किए बिना तरन्नुम को तीन बार 'तलाक' बोलकर रिश्ता खत्म करने का ऐलान कर दिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे आस-पड़ोस के लोगो ने किसी प्रकार पीड़िता को आरोपियो के चंगुल से मुक्त कराया।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद वह न्याय की आस में हयातनगर थाने पहुंची थी, लेकिन स्थानीय पुलिस ने तहरीर लेकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। थक-हारकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक की चौखट पर हाजिरी लगाई और अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस अधीक्षक के कड़े रुख के बाद हयातनगर पुलिस हरकत में आई और आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
थाना प्रभारी हयातनगर संजीव कुमार बालियान ने बताया कि पीड़िता की तहरीर और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पति फिरोज, सास हदीसा, देवर जमाल, नन्दोई फैसल और नन्द सानिया के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, अभद्रता और तीन तलाक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं, जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।

