![]() |
जिला रामपुर के स्वार थाना क्षेत्र निवासी एक महिला के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। ठगो ने घटना को अंजाम देते हुए महिला के बैंक खाते से 2 लाख 33 हजार की बड़ी रकम पार कर दी। मोबाइल पर आये इस लेनदेन के मेसेज और आज शनिवार को बैंक से खाते का स्टेटमेंट मिलने के बाद इस बड़ी घटना का खुलासा हुआ। पीड़िता ने इस मामले मे स्वार थाना पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने इस मामले को रामपुर साइबर थाने को हस्तांतरित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम भूबरा मुस्तहकम निवासी किरन पत्नी महेंद्र का खाता बैंक ऑफ बड़ौदा की मसवासी शाखा में है। पीड़िता के मुताबिक बीते 2 मई से 9 मई के बीच अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके खाते में सेंध लगाई। ठगों ने महज 7 दिनों के अंतराल में तीन किस्तों में कुल 2 लाख 33 हजार रुपये उसके खाते से ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए।
महिला को शुरुआत में कुछ मैसेज प्राप्त हुए, जिसके बाद अनहोनी की आशंका होने पर वह आज शनिवार को मसवासी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पहुंची। जहाँ अपने खाते का स्टेटमेंट निकलवाकर देखने पर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खाते से पूरी जमापूंजी गायब हो चुकी थी। एक महिला के खाते से इतनी बड़ी रकम चोरी होने की जानकारी मिलते ही बैंक परिसर और कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया।
कोतवाली पहुंची पीड़िता किरन ने रोते हुए पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने बताया कि वह एक साधारण गृहणी हैं और इतनी बड़ी धनराशि अचानक निकल जाने से पूरा परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर रकम वापस दिलाने की मांग की है।
थाना प्रभारी स्वार अनुपम शर्मा ने बताया कि महिला खाताधारक के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामले की शुरुआती जांच करते हुए इसे तकनीकी और गहन तफ्तीश के लिए रामपुर साइबर क्राइम थाने को स्थानांतरित कर दिया गया है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

