चोरी का सोना चाँदी खरीदने के आरोप मे जिला जेल बिजनौर में बंद मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी सर्राफ अरुण वर्मा की आज शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बैरक में अचानक तबीयत बिगड़ने और सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें पहले जेल अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मौत के पीछे हार्ट अटैक का अंदेशा जताया जा रहा है। इस घटना के बाद से जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पाठको को बताना उचित होगा कि गत 13 मार्च को बिजनौर की यशोदा कुंज कॉलोनी निवासी अमित अग्रवाल के घर एक बड़ी चोरी की घटना हुई थी। बिजनौर पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मेरठ के शातिर चोर वसीम उर्फ चपटा और विजौली निवासी विनय उर्फ रिंकू को गिरफ्तार किया था। इनके पास से पुलिस ने 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए थे।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ था कि मेरठ का सर्राफ अरुण वर्मा इस गिरोह से चोरी का माल बेहद कम दामों में खरीदता था और पहचान मिटाने के लिए उसे तुरंत गला देता था। इस मामले में शामिल पाए जाने पर पुलिस ने अरुण वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया था और वह बीती 13 अप्रैल से बिजनौर जेल में न्यायिक हिरासत में बंद था।
जेल सूत्रों के अनुसार आज शनिवार सुबह करीब पौने 10 बजे बैरक नंबर दो में बंद अरुण वर्मा ने अचानक सीने में जलन और तेज दर्द की शिकायत की। हालत बिगड़ती देख जेल प्रहरियों ने उन्हें तत्काल जेल के ही अस्पताल में शिफ्ट किया।
वहाँ डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार दिए जाने के बावजूद भी सर्राफ की स्थिति में कोई सुधार न होने पर जेल प्रशासन ने आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल भेजा। जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जेल में बंद मेरठ के सर्राफ की मौत की खबर मिलते ही शहर कोतवाल रामप्रताप और जेल के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मेरठ में मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद रोते-बिलखते परिजन बिजनौर के लिए रवाना हो गए।
एएसपी सिटी कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि बिजनौर जेल में बंदी अरुण कुमार वर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ी थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहाँ उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के शरीर पर कोई जाहिरा चोट का निशान नहीं मिला है। मौत की असली वजह का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

