आज रविवार को गोरखपुर से दिल्ली जा रही ट्रेन संख्या 05051 मे हुए दर्दनाक हादसे मे पैंट्री कार कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे मे पैंट्री कार कर्मचारी का एक पैर ट्रेन की चपेट मे आकर कट गया। इस भीषण हादसे के बाद ट्रेन के अंदर और बाहर चीख पुकार मच गयी। सूचना पर पहुंची मझोला थाना पुलिस ने युवक को उपचार हेतु जिला अस्पताल मे भर्ती कराया। जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुलदीप पुत्र राकेश कुमार, निवासी राजीव कॉलोनी, थाना क्षेत्र सुभाष नगर, बरेली ट्रेन की पैंट्री कार मे काम करता था। आज रविवार को भी वह अपने भाई शिवम और रंजीत के साथ बरेली स्टेशन से ट्रेन मे सवार होकर दिल्ली जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेन के काशीराम योजना रेलवे लाइन के पास पहुंचने पर कुलदीप कोच में यात्रियों को खाना देने गया था। खाना देने के बाद वह कोच के गेट के पास पहुंचने पर ट्रेन को तेज झटका लगने या पैर फिसलने पर वह खुद को संभाल नही पाया और सीधे ट्रैक पर जा गिरा। नीचे गिरते ही कुलदीप का पैर चलती ट्रेन के पहिये की चपेट मे आकर शरीर से अलग हो गया। घटना के बाद यात्रियों द्वारा शोर मचाये जाने पर रेलवे कर्मचारियो और स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी गयी।
घटना की सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए घायल कुलदीप को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उसके इलाज में जुटी है। मझोला थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला चलती ट्रेन में संतुलन बिगड़ने के कारण पैर फिसलने का लग रहा है। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जांच की जा रही है। घटना के बाद काफी देर तक ट्रैक के आसपास लोगों की भीड़ जुटी रही।
भीषण हादसे की खबर मिलते ही कुलदीप के घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि कुलदीप की शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी। घर में अभी शादी की खुशियां पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। कुलदीप अपने परिवार की आर्थिक कमान संभालने के लिए ट्रेन की पैंट्री कार में मेहनत-मजदूरी करता था, लेकिन रविवार का दिन उसके परिवार के लिए एक बड़ा वज्रपात लेकर आया।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

