अमरोहा/उत्तर प्रदेश - पुलिस ने 36 से अधिक मुकदमो मे वाँछित 2 शातिर लुटेरे किये गिरफ्तार, महिला के साथ हुई लूट का हुआ खुलासा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, मई 17, 2026

अमरोहा/उत्तर प्रदेश - पुलिस ने 36 से अधिक मुकदमो मे वाँछित 2 शातिर लुटेरे किये गिरफ्तार, महिला के साथ हुई लूट का हुआ खुलासा

https://newsindia17.com/uttar-pradesh/amroha-police-arrested-two-wanted-robbers-with-36-cases-loot-revealed

अमरोहा देहात पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सर्राफा व्यापारियो व राहगीरों के लिए सिरदर्द बन चुके दो शातिर अंतरजनपदीय बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार किये गए बदमाशों के आपराधिक इतिहास ने पुलिस को भी चौंका दिया है। इन दोनों पर हत्या, लूट और गैंगस्टर जैसे तीन दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं।


अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया ने आज रविवार दोपहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इस कामयाबी का खुलासा किया। एएसपी ने बताया कि बीते 9 मई को जोया रोड स्थित गैस एजेंसी के पास एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े सोने के कुंडल और एक हजार रुपये लूट लिए थे। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत थी। पुलिस ने इस अंधी दौड़ की गुत्थी को सुलझाने के लिए 'ऑपरेशन दृष्टि' के तहत चौराहों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कैमरों की मदद से लुटेरों के हुलिए और बाइक के नंबर का सुराग मिला था और इनकी गिरफ्तारी के लिए तेजी से प्रयास किये जा रहे थे।


उन्होंने बताया कि इसी प्रयास के तहत अमरोहा देहात पुलिस और स्वाट टीम ने चेकिंग के दौरान प्राप्त हुई सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए जोया रोड स्थित ग्रीन फील्ड कॉलोनी गेट के पास से घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पीली धातु (सोने) के दो कुंडल, लूट के 200 रुपये (सौ-सौ के दो नोट), दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।


पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान पप्पू उर्फ फौजी, मूल निवासी रामपुर, वर्तमान निवासी कटघर, मुरादाबाद और अमन उर्फ शहजाद उर्फ शाहजादा कलंदर, निवासी मेरठ के रूप में हुई है। कड़ी पूछताछ में दोनों ने जोया रोड पर महिला से हुई लूट की वारदात को कबूल किया है।


आरोपियों ने पुलिसिया पूछताछ में वारदात को अंजाम देने के लिए एक चौंकाने वाला ढर्रा बताया। आरोपियो ने बताया कि वे अक्सर तड़के या सुबह के वक्त उन सड़कों पर रेकी करते थे जहां संभ्रांत परिवारों की महिलाएं सुबह की सैर के लिए निकलती हैं। अकेली महिला को देखकर वे तमंचे के बल पर चंद सेकेंडों में जेवरात लूटकर रफूचक्कर हो जाते थे।


पुलिस द्वारा तलाशी लिए जाने पर बदमाशो की बाइक से एक काला बैग भी बरामद हुआ है। इस बैग को खोलने पर पुलिस भी हैरान रह गई। बैग के अंदर से 23 छोटी डिब्बियां, सोडियम का टुकड़ा, पीतल और लकड़ी के कुछ अजीब टुकड़े और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि ये बदमाश राहगीरों को डराने-धमकाने और लूटने के अलावा सोडियम के जरिए पीतल को सोना बनाने का झांसा देकर ठगी या तंत्र-मंत्र का जाल भी बुनते थे। फिलहाल पुलिस इनके अन्य नेटवर्क और साथियों की तलाश में जुट गई है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या