जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोटा में बुधवार को नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा विद्यार्थियों से संवाद किए जाने वाले कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कोटा सांसद एवं लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को निशाने पर लिया है। इस संबंध में गहलोत ने सोशल मीडिया के माध्यम से बड़ी बात कही है।
पूर्व सीएम गहलोत ने एक्स के माध्यम से कहा कि कोटा में 17 जून को नीट पेपर लीक के विरोध में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विद्यार्थियों से संवाद करने आ रहे हैं। इस कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं में बड़ा जोश है एवं बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स इस कार्यक्रम में शामिल होना चाहते हैं।
गहलोत ने कहा कि इस कार्यक्रम को लेकर युवाओं के उत्साह को देखकर भाजपा पूरी तरह बौखला गई है और कोटा सांसद एवं लोकसभा स्पीकर के कार्यालय से फोन कर कोचिंग, पीजी और गेस्ट हाउस संचालकों को धमकाया जा रहा है कि उनके यहाँ से कोई विद्यार्थी इस कार्यक्रम में न जाए। स्पीकर जैसे गरिमामयी पद पर विराजमान व्यक्ति को ऐसी सोच नहीं रखनी चाहिए। विद्यार्थियों के साथ नेता प्रतिपक्ष, लोकसभा के संवाद की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को रोकने का ऐसा प्रयास निंदनीय है।
लगातार पेपर लीक ने लाखों छात्रों को मानसिक तनाव में धकेल दिया
अशोक गहलोत ने एक अन्य ट्वीट के माध्यम से कहा कि नीट समेत देश में हो रहे लगातार पेपर लीक ने लाखों छात्रों को मानसिक तनाव में धकेल दिया है। सालों की मेहनत और माता-पिता की गाढ़ी कमाई डूबने पर भी केंद्र सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। ऐसे में युवाओं की आवाज़ बनकर राहुल गांधी आगामी 17 जून को कोटा में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उनके मन की बात सुनेंगे। आइए, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी व जवाबदेह बनाने के इस संघर्ष से जुड़ें। यह लड़ाई देश के भविष्य को बचाने की है!
PC:aajtak
अपडेट खबरों के लिए हमारावॉट्सएप चैनलफोलो करें