पुलिस अधीक्षक बिजनौर अभिषेक झा के निर्देशन मे अपराधियो की गिरफ्तारी के लिए चलाये जा रहे सघन अभियान के तहत गिरफ्तारियो का क्रम निरंतर जारी है। इसी क्रम मे जनपद की थाना नांगल सोती पुलिस ने भी नौकरी का झांसा देकर लाखो रूपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने मे सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा मे जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले मे 16 दिसंबर 2025 को थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर अभिपुरा निवासी बृजवीर सिंह ने एक तहरीर थाना नांगल सोती पुलिस को दी थी। बृजवीर सिंह द्वारा दी गयी तहरीर मे बताया गया था कि लाखन कुंतल व उसके 4 अन्य साथियो ने उनके पुत्र व उसके एक मित्र को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 30 लाख रुपए ठग लिए है। तहरीर मे बताया गया था कि आरोपियों ने नकली प्रवेश पत्र, फर्जी परीक्षा और फर्जी नियुक्ति पत्र बनाकर इस ठगी को अंजाम दिया है।
पुलिस ने बृजवीर सिंह द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी थी। पुलिस लगातार आरोपियो की तलाश मे जुटी हुई थी। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान आज गुरुवार को मुख्य आरोपी लाखन कुंतल, निवासी ग्राम दाबदा, थाना क्षेत्र मोगर्रा, जनपद मथुरा को चंदक रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किया गया आरोपी एक अन्य आपराधिक मामले में भी वांछित चल रहा था। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा मे जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी अन्नू कुमारी ने बताया कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस ठगी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका रही और क्या किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी की गई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरस्वरूप शर्मा, कांस्टेबल रोहित कुमार तथा सुजीत कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

