बिजनौर/उत्तर प्रदेश - शेयर मार्केट मे निवेश के नाम पर 25 करोड़ की ठगी, बोट ब्रो कम्पनी के नाम पर 3 हजार लोगो को लगाया चूना, 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, जुलाई 27, 2026

बिजनौर/उत्तर प्रदेश - शेयर मार्केट मे निवेश के नाम पर 25 करोड़ की ठगी, बोट ब्रो कम्पनी के नाम पर 3 हजार लोगो को लगाया चूना, 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

https://newsindia17.com/bijnor-share-market-25-crore-fraud-bot-bro-company-3000-investors-case-registered-against-5

उत्तर प्रदेश के जिला बिजनौर से शेयर मार्केट मे निवेश के नाम पर करोड़ो की ठगी किये जाने का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि एक फर्जी निवेश कंपनी के माध्यम से जिले के करीब 3 हजार लोगों से लगभग ₹25 करोड़ का निवेश कराया गया। निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए शुरुआत मे तय रिटर्न भी दिया गया, लेकिन बाद में कंपनी अचानक बंद हो गई। पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी का मुख्य संचालक विदेश भाग गया है। इस मामले में बिजनौर नगर कोतवाली पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला काजीपाड़ा निवासी ताज नबी की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई है। दर्ज रिपोर्ट में देहरादून निवासी नवीन नेगी, गढ़वाल निवासी राजेश वशिष्ठ, बिजनौर की बंगाली कॉलोनी निवासी पूजा विश्वास, सिविल लाइंस निवासी मोहित कुमार तथा गांव आदमपुर निवासी मुकेश कुमार को नामजद किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि करीब 3 वर्ष पूर्व आरोपियों ने स्वयं को शेयर मार्केट निवेश कराने वाली 'बोट ब्रो' नामक कंपनी का टीम लीडर बताते हुए लोगों से संपर्क किया। उन्होंने आकर्षक मुनाफे और सुरक्षित निवेश का भरोसा दिलाकर बड़ी संख्या में लोगों को कंपनी से जोड़ा। आरोप है कि बिजनौर के करीब 3  हजार लोगों से लगभग ₹25 करोड़ विभिन्न बैंक खातों में जमा कराए गए।


पीड़ितों के अनुसार शुरुआत में कंपनी ₹1 लाख के निवेश पर हर महीने ₹7 हजार का रिटर्न देती थी। साथ ही नए निवेशकों को जोड़ने पर अतिरिक्त कमीशन का भी प्रलोभन दिया जाता था। नियमित भुगतान मिलने से लोगों का भरोसा बढ़ा और बड़ी संख्या में निवेशकों ने अपनी जमा पूंजी कंपनी में लगा दी।


शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब निवेशकों ने अपनी मूल राशि वापस मांगी तो उन्हें टालने के साथ-साथ झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी गईं। इससे निवेशकों में नाराजगी बढ़ती गई। पीड़ितों का कहना है कि कंपनी का संचालन मुजफ्फरनगर निवासी लवीश चौधरी कर रहा था। आरोप है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले कंपनी अचानक बंद हो गई और इसके बाद लवीश चौधरी दुबई चला गया। इसके बाद निवेशकों का कंपनी से संपर्क पूरी तरह टूट गया।


इस मामले की लेकर कुछ महीने पहले भी पीड़ित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस द्वारा प्रारंभिक जांच के बाद अब पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर बिजनौर अवनीत मान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


न्यूज इंडिया 17 अपील:
यदि कोई भी व्यक्ति किसी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता, कंपनी का पंजीकरण, नियामकीय स्वीकृति और आधिकारिक दस्तावेजों की जांच अवश्य कर लें। केवल अधिक मुनाफे के लालच में बिना सत्यापन के निवेश करना आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या