गजरौला/जिला पीलीभीत - नाबालिग प्रेमिका के गर्भवती होने पर प्रेमी ने किया शादी से इंकार, 14 वर्षीय किशोरी ने जहर खाकर दी जान, 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, जुलाई 29, 2026

गजरौला/जिला पीलीभीत - नाबालिग प्रेमिका के गर्भवती होने पर प्रेमी ने किया शादी से इंकार, 14 वर्षीय किशोरी ने जहर खाकर दी जान, 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

https://newsindia17.com/gajraula-pilibhit-minor-girl-dies-after-lover-refuses-marriage-pregnancy-case-fir-against-six

जिला पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र से प्रेमी द्वारा शादी से इंकार किये जाने पर कक्षा 10 की 14 वर्षीय छात्रा द्वारा जहर खाकर आत्महत्या किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। छात्रा की मौत के बाद उसके परिजनो ने गाँव के ही एक 15 वर्षीय किशोर पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण किये जाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि छात्रा के गर्भवती होने के बाद किशोर ने शादी से इंकार कर दिया। इसी के चलते मानसिक तनाव मे आयी छात्रा ने ये आत्मघाती कदम उठा लिया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने मामले मे मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।


छात्रा के परिजनो द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि गांव निवासी किशोर ने करीब छह माह पहले नाबालिग छात्रा को प्रेम संबंध में फंसाया और शादी का भरोसा देकर उसका यौन शोषण किया। इस बारे मे जानकारी होने पर छात्रा के परिजनो ने किशोर के परिजनो से बातचीत की। बताया गया कि उस समय किशोर के परिजनों ने दोनों के बालिग होने पर शादी कराने का आश्वासन दिया था।


आरोप है कि इस बातचीत के कुछ समय बाद किशोर ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं उसने छात्रा का फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया और दूसरे शहर चला गया। परिजनों का आरोप है कि इस घटनाक्रम के कारण छात्रा मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी। परिजनो के मुताबिक इस घटना के बाद मानसिक तनाव मे आयी छात्रा ने गत 13 जुलाई को जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे पहले जिला अस्पताल पीलीभीत ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज, बरेली रेफर कर दिया गया था।


अस्पताल में उपचार के दौरान पुलिस और मजिस्ट्रेट के समक्ष उसका बयान भी दर्ज कराया गया। इस दौरान छात्रा द्वारा पुलिस को दिए गए बयान मे किशोर पर शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक सम्बन्ध बनाने का आरोप लगाया गया था। जाँच के दौरान छात्रा के दो माह की गर्भवती होने की बात भी सामने आयी थी। अस्पताल मे उपचार के दौरान हुई छात्रा की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया था। इस दौरान छात्रा के परिजनो द्वारा किशोर समेत 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।


पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे छात्रा के शव का परिजनो ने अंतिम संस्कार करने से साफ़ इंकार कर दिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने 15 वर्षीय किशोर व उसके पिता श्रीकृष्ण को हिरासत मे ले लिया है। मामले मे अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि उक्त मामले मे पूर्व मे ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। अब छात्रा की मौत के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। निष्पक्ष जाँच और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर परिजनो ने छात्रा के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियो को हिरासत मे लिया है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या