चंदौसी/जिला सम्भल - श्री नारायण सेवा समिति की बैठक मे कला प्रतियोगिता की तैयारियो को दिया अंतिम रूप, आगामी माह होगा भव्य आयोजन - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, जुलाई 29, 2026

चंदौसी/जिला सम्भल - श्री नारायण सेवा समिति की बैठक मे कला प्रतियोगिता की तैयारियो को दिया अंतिम रूप, आगामी माह होगा भव्य आयोजन

https://www.newsindia17.com/2026/07/chandausi-sambhal-shri-narayan-seva-samiti-kala-pratiyogita-taiyariyan-antim-roop-bhavya-aayojan.html

श्री नारायण सेवा समिति (रजि.), चन्दौसी के तत्वावधान में आगामी माह आयोजित होने वाली वार्षिक कला प्रतियोगिता एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों को लेकर बुधवार को लाला सोहनलाल सरस्वती शिशु मंदिर, मोहल्ला महाजन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के पदाधिकारियों एवं शिक्षाविदों ने प्रतियोगिता की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसे विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने का प्रभावी मंच बताया।


बैठक का शुभारंभ समिति के संरक्षक बृजगोपाल गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि समिति पिछले दस वर्षों से लगातार कला प्रतियोगिता का सफल आयोजन कर रही है, जिसने बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके अनुसार यह प्रतियोगिता केवल चित्रकला तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में कल्पनाशीलता, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता विकसित करने का माध्यम भी बन चुकी है।


पूर्व प्रधानाचार्य दृगपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कला प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। ऐसे आयोजनों से बाल मन की सृजनात्मक क्षमता विकसित होती है और उन्हें अपनी अभिव्यक्ति का बेहतर अवसर मिलता है।


समिति के प्रबंधक हरीश कठेरिया एडवोकेट ने प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों और विषयों की जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों के लिए "रंगीन पतंग" अथवा "आकाश में बादल और इंद्रधनुष", कक्षा 7 से 8 के लिए "श्रीकृष्ण व गाय" अथवा "जल बचाओ–जीवन बचाओ", कक्षा 9 से 10 के लिए "वन महोत्सव" अथवा "एक कदम स्वच्छता की ओर" तथा अंतिम वर्ग के लिए "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" अथवा "Follow The Traffic Rules" विषय निर्धारित किए गए हैं। प्रतिभागियों को इनमें से किसी एक विषय का चयन कर अपनी पसंद के रंगों से चित्र तैयार करना होगा।


बैठक में उपस्थित रहे डॉ. जयशंकर दुबे ने कहा कि प्रतियोगिता के लिए चयनित विषय वर्तमान समय की सामाजिक एवं पर्यावरणीय आवश्यकताओं से जुड़े हुए हैं। ऐसे विषय बच्चों को कला के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और सकारात्मक संदेश देने के लिए प्रेरित करेंगे।


बैठक की अध्यक्षता बृजगोपाल गुप्ता ने की, जबकि संचालन डॉ. जयशंकर दुबे ने किया। अंत में समिति ने सभी विद्यालयों एवं विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की।

conter12
अभी तक पाठक संख्या