रामपुर/उत्तर प्रदेश - पति व 5 बच्चो को छोड़ प्रेमी के साथ फरार हुई महिला वापस आयी, प्रेमी पर लगाए दुष्कर्म व शोषण के गंभीर आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, जुलाई 28, 2026

रामपुर/उत्तर प्रदेश - पति व 5 बच्चो को छोड़ प्रेमी के साथ फरार हुई महिला वापस आयी, प्रेमी पर लगाए दुष्कर्म व शोषण के गंभीर आरोप

https://www.newsindia17.com/2026/07/rampur-woman-returns-after-eloping-with-lover-levels-rape-and-exploitation-allegations.html

उत्तर प्रदेश के जिला रामपुर निवासी एक महिला ने अपने प्रेमी पर दुष्कर्म, शारीरिक शोषण, मारपीट, धमकी देने तथा नकदी व जेवर हड़पने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। एसपी कार्यालय ने मामले को जांच के लिए थाना पटवाई पुलिस को भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


प्राप्त जानकारी के अनुसार आज मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंची महिला करीब चार महीने पहले अपने पति और 5 बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई थी। कल सोमवार शाम महिला अचानक ही अपने पति के  घर वापस लौट आयी। महिला की वापसी के बाद भी उसके परिवार में तनाव का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि बच्चे फिलहाल अपनी मां के साथ रहने के पक्ष में नहीं हैं, जिससे परिवार के सामने नई परिस्थितियां खड़ी हो गई हैं।


इस मामले को लेकर आज मंगलवार सुबह गांव में पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन किसी निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद महिला सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और आरोपी प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दी। महिला ने आरोप लगाया कि प्रेमी ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ रखा और शारीरिक संबंध बनाए। इसके साथ ही महिला ने मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और उसके रुपये व जेवर अपने हड़पने का भी आरोप लगाया है। महिला ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


महिला ने अब अपने पति के साथ रहने की इच्छा व्यक्त की है। वहीं, परिवार के सामने रिश्तों को सामान्य बनाने और बच्चों का विश्वास दोबारा जीतने की चुनौती बनी हुई है। घटना को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी चर्चा का माहौल है।


पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शिकायत को थाना पटवाई भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यो के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में महिला के पति और आरोपी युवक की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या