बिनावर/जिला बदायूँ - पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद नशे मे धुत्त बेटे ने ली पिता की जान, कुल्हाड़ी से वारकर उतारा मौत के घाट, मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, जुलाई 11, 2026

बिनावर/जिला बदायूँ - पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद नशे मे धुत्त बेटे ने ली पिता की जान, कुल्हाड़ी से वारकर उतारा मौत के घाट, मुकदमा दर्ज

www.newsindia17.com

जिला बदायूँ के बिनावर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ कल शुक्रवार की रात पैसो को लेकर हुए विवाद मे एक युवक ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


उक्त घटना थाना क्षेत्र के ब्यौर गांव से जुड़ी है। गाँव निवासी राधेलाल आयु 75 वर्ष कल शुक्रवार की रात अपनी बैठक में खाना खा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान उनके सबसे छोटे बेटे अहिवरन ने कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।


घटना की सूचना मिलने पर बिनावर थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि राधेलाल ने कल शुक्रवार को अपनी फसल बेची थी। फसल को बेचने पर उसे 1 लाख 20 हजार रूपये मिले थे। राधेलाल का पुत्र अहिवरन स्वयं सहायता समूह संचालित करता है। अहिवरन ने समूह की किस्त जमा करने के लिए अपने पिता से 35 हजार रुपये मांगे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच हुई  कहासुनी के बाद अहिवरन घर से चला गया था। देर रात शराब पीकर अहिवरन अपने दोस्त भानू के साथ वापस आया और राधेलाल से फिर से पैसे की मांग की। इसको लेकर दोनो के बीच फिर से विवाद हो  गया। इसी दौरान अहिवरन ने कुल्हाड़ी से वार कर अपने पिता की हत्या कर दी।


पुलिस के अनुसार आरोपी शराब का आदी बताया जा रहा है और वह अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा है। घटना के बाद से वह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।


क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पांडे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उक्त मामले मे प्राप्त तहरीर के आधार पर अहिवरन व उसके दोस्त भानू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में प्राप्त साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

counter
अभी तक पाठक संख्या