बरेली/उत्तर प्रदेश - खुसरो कॉलेज के चेयरमेन पर लगा वेतन माँगने आये निजी गनर को पीटने व चाकू से हमला करने का आरोप, एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, सितंबर 04, 2026

बरेली/उत्तर प्रदेश - खुसरो कॉलेज के चेयरमेन पर लगा वेतन माँगने आये निजी गनर को पीटने व चाकू से हमला करने का आरोप, एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज

bareilly-up-khusro-college-chairman-sher-ali-jafri-private-gunner-assault-knife-attack-case-ssp-order

उत्तर प्रदेश के जिला बरेली मे स्थित खुसरो पीजी कॉलेज के चैयरमेन शेर अली जाफरी पर बकाया वेतन मांगने आये निजी गनर के साथ मारपीट और चाकू से हमला किये जाने का आरोप लगा है। इस मामले मे एसएसपी के निर्देश पर थाना सीबीगंज में आरोपी चैयरमेन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जाँच मे जुटी है।


शिवनगर कॉलोनी निवासी योगेश गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह करीब एक साल से शेर अली जाफरी के यहां निजी गनर के तौर पर काम कर रहा था। योगेश के अनुसार, उसकी मासिक तनख्वाह 28 हजार रुपये तय थी। उसने आरोप लगाया कि 1 मार्च से 22 अगस्त 2026 तक करीब छह महीने का वेतन उसे नहीं मिला। उसके मुताबिक, इस अवधि का कुल बकाया 1,60,533 रुपये था, जिसे लेकर वह लगातार भुगतान की मांग कर रहा था। योगेश के मुताबिक गत 22 अगस्त को वह बकाया वेतन मांगने के लिए सीबीगंज स्थित खुसरो पीजी कॉलेज पहुंचा था। आरोप है कि वेतन मांगने पर शेर अली जाफरी नाराज हो गए और उसके साथ गाली-गलौज की गई। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उसे कार्यालय के अंदर बंद कर दिया गया और डंडों तथा लात-घूंसों से पीटा गया।


योगेश ने शिकायत में आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान घास काटने वाले चाकू से भी उस पर हमला किया गया। खुद को बचाने की कोशिश में उसकी कलाई कट गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। पीड़ित का कहना है कि इस घटना के बाद उसने सीबीगंज थाने में शिकायत दी थी, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।


दूसरी ओर शेर अली जाफरी ने योगेश गुप्ता के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि योगेश ने उनके यहां करीब दो महीने कुछ दिन ही काम किया था और उसके काम का भुगतान चेक के जरिए किया जा चुका है। जाफरी ने कहा कि वह योगेश के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराएंगे।


पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों के साथ पीड़ित की चोटों, मेडिकल रिपोर्ट और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

conter12
अभी तक पाठक संख्या