जिला बिजनौर के नहटौर थाना परिसर में आज मंगलवार की शाम उस समय अफरातफरी मच गयी जब जमीन विवाद को लेकर दो पक्षो के बीच हो रही वार्ता के दौरान एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने बुजुर्ग को तत्काल सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव सीकरी खुर्द निवासी रामपाल सिंह आयु 75 वर्ष का गाँव निवासी दिनेश कुमार के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले में दोनों पक्षों को समझौता वार्ता के लिए थाना परिसर में बुलाया गया था। आज मंगलवार की शाम रामपाल सिंह अपने पुत्र अरुण कुमार और अर्जुन कुमार के साथ थाने पहुंचे थे। यहाँ हो रही बातचीत के दौरान अचानक ही रामपाल सिंह की तबियत बिगड़ गयी और बेहोश होकर गिर गए। बुजुर्ग के बेहोश होकर गिरने पर थाना परिसर मे अफरा तफरी मच गयी। मौके पर मौजूद रहे पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए उन्हें सरकारी वाहन से एक निजी अस्पताल पहुँचाया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद बुजुर्ग को सीएचसी रेफर कर दिया गया। यहाँ चिकित्सको की निगरानी मे हुए उपचार के बाद स्थिति सामान्य होने पर बुजुर्ग को घर भेज दिया गया।
बुजुर्ग रामपाल सिंह के पुत्र अर्जुन कुमार का आरोप है कि बातचीत के दौरान उसके साथ मारपीट हुई है और यह घटनाक्रम देखकर उनके पिता घबरा गए, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और बेहोश होकर गिर पड़े।
उक्त मामले में प्रभारी निरीक्षक नहटौर किशन अवतार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन विवाद को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान बुजुर्ग की अचानक तबीयत खराब हो गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना परिसर में किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई और इस संबंध में लगाए गए आरोप सही नहीं हैं।
फिलहाल घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि मामला बातचीत के दौरान बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने का है, जबकि परिजन मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। घटना से जुड़े तथ्यों को लेकर स्थिति पुलिस के आधिकारिक बयान और पक्षकारों के आरोपों के आधार पर सामने आई है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

