बरेली/उत्तर प्रदेश - कलेक्ट्रेट पहुंचीं चार महिलाओ ने किया पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास, पुलिस व प्रशासन पर लगाया गंभीर आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, अगस्त 12, 2026

बरेली/उत्तर प्रदेश - कलेक्ट्रेट पहुंचीं चार महिलाओ ने किया पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास, पुलिस व प्रशासन पर लगाया गंभीर आरोप

bareilly-collectorate-char-mahilaon-ne-petrol-chhidak-kar-atmadaah-ka-prayas-police-prashasan-par-aarop

जिला बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के मानपुर चिकिट्टिया में 200 गज के प्लॉट पर किये गए कथित कब्जे के विरोध में आज बुधवार को चार महिलाओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर आत्मदाह का प्रयास किया। महिलाओं के पेट्रोल छिड़कने से मौके पर हड़कंप मच गया। हालांकि, गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उनके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली और बड़ा हादसा होने से बचा लिया।


घटना के बाद पुलिस ने चारों महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। परिवार का आरोप है कि पड़ोसी करीब दो महीने से उनके प्लॉट पर कब्जे की कोशिश कर रहा है और वहां निर्माण कार्य कराया जा रहा है। परिवार का कहना है कि मामले की कई बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।


मानपुर चिकिट्टिया निवासी गौरव के मुताबिक बुधवार सुबह उनकी चाची कमलेश कुमारी, ताई मुन्नी देवी, बहन रोशनी और विमलेश अपने प्लॉट पर चल रहे निर्माण को रुकवाने पहुंची थीं। आरोप है कि पड़ोसी लंबे समय से करीब 200 गज के प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। गौरव का दावा है कि इस दौरान कैंट थाने के हल्का प्रभारी राकेश दरोगा भी मौके पर मौजूद थे। महिलाओं ने निर्माण कार्य बंद कराने की मांग की, लेकिन इसी दौरान कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें वहां से हटा दिया गया।


परिवार के अनुसार प्लॉट को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है। गौरव का कहना है कि पुलिस अधिकारियों के अलावा जिलाधिकारी और सदर एसडीएम से भी शिकायत की गई थी। परिवार का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विवाद का समाधान नहीं होने से वे बेहद परेशान थे। इसी नाराजगी में बुधवार को परिवार कलेक्ट्रेट पहुंचा। यहां महिलाओं ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखने का प्रयास किया और  खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश कर दी।


कलेक्ट्रेट गेट पर तैनात सब इंस्पेक्टर ओमपाल सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत महिलाओं को रोक लिया। पुलिस ने उनके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात होमगार्ड संदीप शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस की तत्काल कार्रवाई से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारियों ने परिवार से बातचीत कर उनकी शिकायत पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद चारों महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस उनकी सुरक्षा में लगी रही।


महिलाओं और उनके परिवार की ओर से प्लॉट पर कब्जे, निर्माण और मारपीट को लेकर लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या