उत्तर प्रदेश के जिला बिजनौर से पुलिस लाइन मे तैनात एक आरक्षी व उसके साथी द्वारा सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवती और उसके पिता से लाखो की ठगी किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। इस मामले मे पीड़ित द्वारा की गयी शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दोनो आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शेरकोट थाना क्षेत्र के गाँव जमालपुर उर्फ़ मिर्जापुर की निवासी शुभम विश्नोई की मुलाकात एक कार्यक्रम के दौरान आरक्षी दीपक कुमार और उसके साथी मोहन सैनी, निवासी गाँव रसूलपुर पित्तनका उर्फ़ बबनपुरा से हुई थी। बताया गया कि इस मुलाकात के दौरान ही आरोपियो ने स्नातक परीक्षा पास शुभम विश्नोई को सरकारी नौकरी लगवाने का दावा करते हुए अपने विश्वास मे ले लिया था। इतना ही नही आरोपियो ने शुभम विश्नोई की बीएड पास कर चुकी बड़ी बहन को भी इंटर कॉलेज मे टीजीटी के पद पर नियुक्त कराने का आश्वासन दिया था।
आरोप है कि इसके बाद आरक्षी दीपक कुमार व उसके साथी मोहन सैनी ने युवती और उसके पिता से अलग-अलग बैंक खातों में करीब सात लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। मोहन सैनी ने उनके घर पहुंचकर दो लाख रुपये नकद भी लिए। इतनी बड़ी रकम दिए जाने के बाद भी दोनो बहनो में से किसी की भी नौकरी न लगने पर उन्होंने अपना पैसा वापस देने की मांग की। इस पर आरक्षी व उसके साथी ने पीड़ितों को कोई संतोषजनक जबाब नही दिया और टालमटोल शुरू कर दी। आरक्षी व उसके साथी के इस रवैये से तंग आ चुकी युवती ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की और न्याय की गुहार लगाई थी।
एसपी ने इस मामले की जाँच का दायित्व एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह को सौंपा था। एएसपी द्वारा की गयी जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने के बाद शहर कोतवाली में आरक्षी दीपक कुमार और मोहन सैनी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक शनिवार देर शाम दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरक्षी दीपक कुमार बुलंदशहर के ऐतमादपुर गांव का निवासी बताया गया है, जबकि मोहन सैनी बिजनौर के रसूलपुर पित्तनका उर्फ बबनपुरा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लाख रुपये बरामद किए हैं। इसके साथ ही दीपक कुमार के बैंक खाते में मौजूद करीब चार लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी के मामले में आरोपी पाए गए आरक्षी दीपक कुमार को विभाग ने भी कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी की जानकारी दी गई है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

