आज शुक्रवार की शाम जिला शाहजहाँपुर के खुटार थाना क्षेत्र मे उस समय हड़कंप मच गया जब तेज रफ्तार कार ने एक जत्थे में शामिल दो कांवड़ियो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे मे बरेली निवासी दो कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना पर आक्रोशित कांवड़ियो ने हंगामा करते हुए और सड़क पर बैठकर यातायात जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ पुवांया प्रवीण मलिक व प्रभारी निरीक्षक खुटार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल कांवड़ियो को उपचार हेतु अस्पताल भेजा। समाचार प्राप्त होने तक पुलिस अधिकारी हंगामा कर रहे कांवड़ियो को समझाने का प्रयास कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त हादसा आज शुक्रवार की शाम लगभग 4 बजे गोला रोड से जुड़ी सड़क के पास हुआ। घटना के समय लखीमपुर की ओर से एक परिवार कार मे सवार होकर शाहजहांपुर की ओर जा रहा था। इस दौरान कार की चपेट मे आकर दो कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना पर आक्रोशित जत्थे मे शामिल अन्य कांवड़ियों के साथ ही मौके पर पहुंचे कांवड़ियो ने हंगामा शुरू कर दिया और सड़क पर बैठ गए। कांवड़ियो के सड़क पर बैठने के कारण यातायात जाम हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक खुटार अरविन्द सिंह पुलिस टीम और एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनो घायल कांवड़ियो को एम्बुलेंस के द्वारा तत्काल अस्पताल भेजा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटनास्थल से बरेली नजदीक होने के कारण घायलों को वहां इलाज के लिए भेजा गया है। मामले की सूचना मिलने पर सीओ पुवायां प्रवीण मलिक भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित कांवड़ियों से बातचीत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया और जाम खोलने की अपील की। देर शाम तक पुलिस कांवड़ियों को समझाने में जुटी रही।
एसपी ग्रामीण दीक्षा भवरे भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ही हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। खुटार प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि कार की टक्कर से दो कांवड़िये घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए बरेली भेजा गया है और पुलिस कांवड़ियों से बातचीत कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

