जिला बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र से साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ अज्ञात साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते को निशाना बनाकर यूपीआई के माध्यम से 1 लाख 30 हजार रूपये की रकम निकाल ली। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने शुक्रवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवपुरी निवासी सुनील कुमार पुत्र जगदीश प्रसाद का खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मीरगंज शाखा में है। पीड़ित का आरोप है कि 30 जून 2026 को अज्ञात साइबर ठगों ने उनके खाते से छेड़छाड़ कर यूपीआई के माध्यम से रकम निकालनी शुरू कर दी। 30 जून और 1 जुलाई को किए गए कई अलग-अलग लेनदेन के जरिए खाते से कुल 1,30,001.19 रुपये निकाल लिए गए।
खाते से लगातार रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद सुनील कुमार ने तत्काल साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने 1 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर 62,494 रुपये की धनराशि पर लियन भी दर्ज किया गया है।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उपलब्ध तथ्यों और लेनदेन से जुड़े विवरण के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठगी में इस्तेमाल हुए लेनदेन, संबंधित बैंक खातों और अन्य डिजिटल जानकारी की पड़ताल कर रही है। साथ ही, ठगी गई रकम की रिकवरी और आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंकिंग पासवर्ड या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान व्यक्ति के कहने पर यूपीआई संबंधी प्रक्रिया पूरी करने से भी बचें।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

