जिला रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र मे आज शुक्रवार की सुबह एक युवती का शव पेड़ के सहारे फंदे से लटका मिलने हड़कंप मच गया। युवती का शव मिलने की सूचना मिलते ही उसके परिजनो मे हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मामले की जाँच शुरू कर दी है। मृतका के परिजनो ने एक युवक पर हत्या कर शव को पेड़ से लटकाये जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव दुल्लीवाला निवासी स्वाति सैनी आयु 22 वर्ष का शव आज शुक्रवार सुबह घर से मात्र 200 मीटर दूरी पर स्थित एक खेत मे पेड़ के सहारे लटका मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणो की भारी भीड़ जुट गयी। मृतका के परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस को एक मोबाइल फोन, टी-शर्ट, लोअर और कुछ नकदी भी घटनास्थल पर पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर कब्जे मे लेने के बाद अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले में मृतका की माँ गोमती देवी ने गाँव के ही एक युवक अनिल पर बेटी की हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। गोमती देवी का कहना है कि अनिल पिछले करीब डेढ़ साल से स्वाति पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। इसको लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी। परिवार और ग्रामीणों ने कथित तौर पर अनिल को कई बार समझाया, लेकिन इसके बावजूद वह स्वाति पर दबाव बनाता रहा।
परिजनों के मुताबिक अब स्वाति की शादी दूसरी जगह तय कर दी गई थी। गुरुवार रात वह परिवार के साथ घर मे ही सोई थी। आरोप है कि देर रात अनिल उनकी बेटी को घर से बाहर ले गया और जंगल की ओर ले जाकर हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया। मृतका की मां का दावा है कि मौके से बरामद हुआ मोबाइल व अन्य सामान भी अनिल का है।
थाना प्रभारी टांडा के अनुसार अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। प्रारंभिक जांच में युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

