![]() |
| मृतक की फाइल फोटो के अतिरिक्त अन्य दृश्य एआई जनरेटेड है। |
उत्तर प्रदेश के जिला मुरादाबाद से एक दर्दनाक घटना सामने आयी है। यहाँ सावन के दूसरे सोमवार पर काशीपुर स्थित मोटेश्वर महादेव मंदिर मे जलाभिषेक करने गए 18 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गयी। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनो में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरादाबाद के भगतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गाँव आदोनंगली का निवासी विनीत पुत्र राधेश्याम उर्फ़ बबलू कल रविवार को अपनी बहन और भाई के साथ जलाभिषेक करने हेतु काशीपुर गया था। विनीत को आज सोमवार को मोटेश्वर महादेव पर जलाभिषेक करना था। इस कार्यक्रम के तहत वह कल रविवार को ही अपने मौसा निवासी गाँव खड़कपुर के घर पहुंच गया था।
आज सोमवार तड़के करीब दो बजे विनीत ने अपने भाई-बहन और रिश्तेदारों के साथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद सुबह करीब तीन बजे वह किसी को लेने के लिए बाइक से वापस जा रहा था। इसी दौरान खड़कपुर मार्ग पर सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने हादसे की सूचना परिजनों विनीत के को दी। मौके पर पहुंचे परिजन विनीत को उपचार के लिए काशीपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उसे मुरादाबाद के कॉसमॉस अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने विनीत को मृत घोषित कर दिया।
विनीत चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसका बड़ा भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत है। परिजनों ने बताया कि विनीत पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी की तैयारी भी कर रहा था और अपने भविष्य को लेकर काफी मेहनती था। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |


