मंडावली/जिला बिजनौर - बंद मकान मे मिला महिला का शव, पति फरार, बेटे ने पिता पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जाँच मे जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, अगस्त 25, 2026

मंडावली/जिला बिजनौर - बंद मकान मे मिला महिला का शव, पति फरार, बेटे ने पिता पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जाँच मे जुटी

newsindia17.com/mandawali-band-makan-mein-mahila-ka-shav-pati-farar-hatya-ka-aarop

जिला बिजनौर के मंडावली थाना क्षेत्र अंतर्गत गाँव मोहनपुर मे आज मंगलवार को एक बंद पड़े मकान में महिला का शव पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। महिला का शव चारपाई पर पड़ा और दुर्गंध आ रही थी। मृतका की शिनाख्त गाँव मोहनपुर निवासी शहनाज परवीन आयु 42 वर्ष पत्नी अहमद हसन के रूप मे हुई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इस मामले मे  मृतका के पुत्र ने अपने ही पिता पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई किये जाने की मांग की है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार गाँव निवासी अहमद हसन अपनी पत्नी शहनाज परवीन व बेटे के साथ उत्तराखंड के श्रीनगर मे रहते है। अहमद हसन श्रीनगर मे सैलून चलाते है। बताया गया कि पिछले मंगलवार को पति -पत्नी किसी जमीन की खरीद के मामले मे गाँव आये थे। दंपत्ति के 6 बच्चे 3 बेटियां व 3 बेटे है। तीनो बेटे श्रीनगर मे रहते है। 


परिजनों के अनुसार गाँव आने के अगले दिन शहनाज ने श्रीनगर मे रह रहे अपने बेटे आसिफ से बात की थी। शहनाज ने आज मंगलवार को घर के पास वाला प्लॉट खरीदने के बारे मे बताया थ और आसिफ को घर आने के लिए कहा था। आज मंगलवार तड़के गाँव पहुंचे आसिफ ने देखा कि घर पर ताला लगा हुआ है और अंदर से दुर्गन्ध आ रही है। किसी अनहोनी की आशंका के चलते आसिफ ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।


मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तुड़वाया और घर के अंदर प्रवेश किया। घर के अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए। वहाँ एक चारपाई पर शहनाज का शव पड़ा हुआ था। काफी समय बीत जाने के कारण शव खराब अवस्था में था और कमरे से दुर्गंध आ रही थी। शव पड़ा मिलने के बाद पुलिस अग्रिम कार्रवाई मे  जुट गयी। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ आकांक्षा गौतम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरिक्षण किया।


इस मामले मे मृतका के बेटे आसिफ ने अपने पिता अहमद हसन पर ही हत्या  किये जाने का आरोप लगाया है। आसिफ ने बताया कि सके माता-पिता के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। उसने दावा किया कि उसके पिता पूर्व में भी उसकी मां के साथ मारपीट कर चुके थे और कई बार उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुके थे। आसिफ ने बताया कि गत बुधवार की शाम उसकी अपने पिता से भी बातचीत हुई थी, लेकिन उसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा है। इसी आधार पर उसने अपने पिता पर हत्या किये जाने संदेह जताया है। आसिफ का कहना है कि उसके पिता काफी शक करने वाले स्वभाव के है और छोटी-छोटी बातों को लेकर घर में विवाद होता रहता था। उसने जुए के चलते पुराने मकान को बेचने का आरोप भी लगाया है।


थाना प्रभारी मंडावली वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बंद मकान से महिला का शव बरामद हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार महिला की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही स्पष्ट हो सकेगा। अभी हत्या के आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। तहरीर मिलने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या