मेरठ/उत्तर प्रदेश - छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी दरोगा निलंबित, मुकदमा दर्ज होते ही हुआ फरार, गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, अगस्त 20, 2026

मेरठ/उत्तर प्रदेश - छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी दरोगा निलंबित, मुकदमा दर्ज होते ही हुआ फरार, गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित

newsindia17.com/meerut-chhatra-se-dushkarm-aaropi-daroga-nilambit-mukadma-darj-hote-hi-farar-giraftari-ke-liye-police-team-gathit

मेरठ मे तैनात उत्तर प्रदेश पुलिस के एक दरोगा पर शादी का झाँसा देकर एक छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले मे पीड़िता द्वारा दी  तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दरोगा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम भी गठित की गयी है।


पुलिस को दी गयी तहरीर मे शामली निवासी चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की छात्रा ने बताया कि कुछ माह पहले एक सहेली के माध्यम से आरोपी दरोगा से उसका परिचय हुआ था। इस दौरान तेजगढ़ी चौकी पर तैनात दरोगा ललित मोहन ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और दोनों के बीच बातचीत होने लगी। छात्रा का आरोप है कि करीब दो सप्ताह पहले वह विश्वविद्यालय परिसर में डिग्री संबंधी काम से गयी थी। इसी दौरान दरोगा उससे मिलने पहुंचा और शादी का प्रस्ताव रखा।


आरोप है कि दरोगा छात्रा को रेस्टोरेंट ले जाने की बात कहकर अपने साथ कार में ले गया और मेडिकल क्षेत्र की एक कॉलोनी स्थित अपने साथी दरोगा के फ्लैट पर पहुंचा। आरोप है कि वहां शादी का भरोसा देकर दरोगा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया।


पीड़िता ने इस मामले की शिकायत गत 14 अगस्त को एसएसपी अविनाश पांडेय से की थी। इसके बाद भावनपुर थाने में आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी दरोगा के फरार होने की बात सामने आई है। बताया गया की आरोपी 2023 बैच का दरोगा है और मूल रूप से रायबरेली का रहने वाला है। वर्तमान में उसकी तैनाती मेडिकल थाना क्षेत्र की तेजगढ़ी चौकी पर थी।


पीड़िता ने आरोप लगाया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी की ओर से उस पर समझौता करने का दबाव भी बनाया गया। इसी बीच आरोपी के परिवार के कुछ लोग शामली स्थित उसके घर पहुंचे और दरोगा से शादी करने का प्रस्ताव रखा। छात्रा का कहना है कि उसने यह सोचकर प्रस्ताव इसलिए ठुकरा कि आरोपी के परिजन मुकदमे से बचने के लिए शादी का रास्ता अपना रहा है। पीड़िता ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने उसके बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। उक्त मामले में आरोपी दरोगा की ओर से गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए हाईकोर्ट का रुख करने की बात भी सामने आई है। हालांकि उसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।


एसएसपी अविनाश पांडेय के अनुसार शिकायत के आधार पर आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। उसे निलंबित करने के साथ विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। एसएसपी ने जांच में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों समेत अन्य महत्वपूर्ण सबूत जुटाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब पीड़िता के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।


न्यूज़ इंडिया 17 नोट: यह खबर पुलिस में दर्ज शिकायत, मुकदमे और अधिकारियों के बयान के आधार पर तैयार की गई है। आरोपी पर लगे आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

counter
अभी तक पाठक संख्या