बरखेड़ा/जिला पीलीभीत - दहेज की माँग पूरी न होने पर विवाहिता के उत्पीड़न का आरोप, बनाया गर्भपात का आरोप, पति समेत 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, सितंबर 17, 2026

बरखेड़ा/जिला पीलीभीत - दहेज की माँग पूरी न होने पर विवाहिता के उत्पीड़न का आरोप, बनाया गर्भपात का आरोप, पति समेत 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

barkheda-pilibhit-dahej-utpidan-garbhpaat-ka-dabav-pati-samet-6-ke-khilaf-mukadma

जिला पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और गर्भपात हेतु दबाब बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला द्वारा की गयी शिकायत के आधार पर पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।


थाना क्षेत्र के गाँव विक्रमपुर निवासी साजिया ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि उसका निकाह 11 दिसंबर 2025 को रफीक उर्फ़ लियाकत निवासी गाँव कंचनपुरी, जिला उधम सिंह नगर, उत्तराखंड के साथ हुआ था। बताया गया कि निकाह के समय उसके परिजनो ने अपनी हैसियत के अनुसार खर्च किया था और मोटरसाइकिल, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, कूलर तथा सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान दिया गया था। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग इस दहेज से संतुष्ट नहीं थे और शादी के कुछ समय बाद से ही बुलेट मोटरसाइकिल सहित अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे थे।


पीड़िता ने पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया कि कुछ समय बाद उसका पति उसे ससुराल में छोड़कर हिमाचल प्रदेश चला गया। इसके बाद ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य उसके साथ आमतौर पर गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि गर्भवती होने की जानकारी होने पर उसके पति ने उस पर गर्भपात कराने के लिए भी दबाव बनाया। शिकायत के मुताबिक इसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और दूसरी शादी करने की धमकी भी दी गई।


पति व ससुराल पक्ष से लगातार मिल रही कथित धमकियों और उत्पीड़न से परेशान साजिया अपने मायके चली आई। आरोप है कि उसे लेने पहुंचे उसके पिता के साथ भी ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट की। महिला का कहना है कि उसका सामान और आभूषण भी उसे वापस नहीं किए गए। फिलहाल साजिया अपने मायके में रह रही है और शिकायत के मुताबिक वह करीब चार महीने की गर्भवती है।


बरखेड़ा पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के 6 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले की जाँच की जिम्मेदारी एसआई औसाफ अली को दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों, घटनाक्रम और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

conter12
अभी तक पाठक संख्या