बिजनौर/उत्तर प्रदेश - भारतीय किसान संघ के आह्वान पर ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुँचे किसानो ने जोरदार प्रदर्शन, 17 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, सितंबर 25, 2026

बिजनौर/उत्तर प्रदेश - भारतीय किसान संघ के आह्वान पर ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुँचे किसानो ने जोरदार प्रदर्शन, 17 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

https://newsindia17.com/bijnor-uttar-pradesh-bhartiya-kisan-sangh-17-sutriya-mangon-ko-lekar-kisan-pradarshan
आज शुक्रवार को भारतीय किसान संघ के बैनर तले एकत्र हुए सैकड़ो किसान ट्रैक्टर ट्राली व अन्य वाहनो से कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और जोरदार धरना प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन के बाद किसानो ने जिला प्रशासन को 17 सूत्रीय मांगो का एक ज्ञापन सौंपा और जल्दी कार्रवाई की मांग की।


भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता और ट्रैक्टर ट्राली व अन्य वाहनों पर सवार किसान आज दोपहर लगभग एक बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। किसान शास्त्री चौक से जजी चौक और नुमाइश चौक होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट गेट पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन किसान नहीं रुके और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर परिसर के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद किसानों ने कलेक्ट्रेट में धरना देकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।


धरने के दौरान किसानों ने केंद्र और प्रदेश सरकार से जुड़ी कई मांगें उठाईं। किसान संघ के संगठन मंत्री शिवाकांत दीक्षित ने बताया कि ज्ञापन में किसान सम्मान निधि की राशि दोगुनी करने और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) पर ब्याज शून्य किए जाने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।


प्रदेश सरकार से किसानों ने गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक निर्धारित करने की मांग की। साथ ही पेराई सत्र शुरू होने से पहले ही गन्ने का भाव घोषित किए जाने की मांग रखी गई, ताकि किसानों को अपनी उपज के मूल्य को लेकर स्पष्टता मिल सके। किसानों ने राजस्व विभाग से संबंधित समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। अंश निर्धारण में गड़बड़ी और फार्मर आईडी से जुड़ी परेशानियों का समाधान कराने की मांग की गई। किसानों का कहना है कि ऐसी समस्याओं के कारण उन्हें सरकारी योजनाओं और कृषि संबंधी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही बिजली कनेक्शन की लागत कम करने सहित कई स्थानीय समस्याओं को भी 17 सूत्रीय ज्ञापन में शामिल किया गया है।


धरना-प्रदर्शन के बाद किसान संघ के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मांगों पर जल्द कार्रवाई किए जाने की मांग की है। किसान संघ की ओर से कहा गया कि यदि समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हुआ तो संगठन आगे भी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।


गौरतलब है कि नवनियुक्त जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन पर रोक लगाते हुए प्रदर्शन के लिए इंदिरा बाल भवन को निर्धारित किया था।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या