हसनपुर/जिला अमरोहा - कोतवाली मे तैनात दरोगा, सिपाही व 2 सीआरपीएफ जवानो पर गैंगरेप का आरोप, चारो आरोपी गिरफ्तार, जाँच जारी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, सितंबर 23, 2026

हसनपुर/जिला अमरोहा - कोतवाली मे तैनात दरोगा, सिपाही व 2 सीआरपीएफ जवानो पर गैंगरेप का आरोप, चारो आरोपी गिरफ्तार, जाँच जारी

hasanpur-amroha-kotwali-me-tainat-daroga-sipahi-aur-2-crpf-jawano-par-gangrape-ka-aarop-charo-aaropi-giraftar-janch-jari
उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा से रक्षक के भक्षक बन जाने वाला एक मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ एक युवती ने हसनपुर कोतवाली मे तैनात एक दरोगा और सिपाही समेत 2 सीआरपीएफ जवानो पर सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चारो आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जाँच मे जुटी है।


हरियाणा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि गत 20 सितम्बर को उसकी एक परिचित से बातचीत हुई थी। इस परिचित ने उसे सीआरपीएफ जवान मोहित निवासी गाँव सौरंग, जिला मुज्जफरनगर से मिलने के लिए सोनीपत बुलाया था। इस बातचीत के बाद 21 सितम्बर की दोपहर वह सोनीपत पहुंची थी। यहाँ उसकी मुलाकात मोहित से हुई थी। आरोप है वहां से मोहित उसे अपनी ब्रेजा कार द्वारा मेरठ ले गया और रास्ते मे मिले एक अन्य सीआरपीएफ जवान लाला राम यादव निवासी खातन खेड़ा राजस्थान को भी साथ ले लिया।


पीड़िता के अनुसार मोहित व उसका साथी लालाराम यादव उसे लेकर हसनपुर आये। यहाँ कोतवाली के पास उनकी मुलाकात दरोगा संजय तोमर से हुई। यहाँ से दरोगा भी उनके साथ हो गया और सभी लोग झुलपुरी स्थित एक फार्म हाउस पहुंचे, जहां दो कमरे लिए गए थे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि देर शाम हसनपुर कोतवाली में तैनात सिपाही प्रमोद फार्म हाउस पर खाना और शराब लेकर पहुंचा। आरोप है कि खाना खाने के बाद सीआरपीएफ जवान मोहित, लालाराम यादव और दरोगा संजय तोमर उसके कमरे मे घुस आये और बारी बारी से दुष्कर्म किया। इस सबके कुछ देर बाद ही सिपाही प्रमोद भी पीड़िता के कमरे मे आया जिसका उसने विरोध किया और बाहर निकाल कर कमरा अंदर से बंद कर लिया। पीड़िता के अनुसार उसने इंटरनेट के माध्यम से हसनपुर थाने का नंबर तलाशकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को अपने साथ लेकर गई।


एसपी अमरोहा लाखन सिंह यादव ने बताया कि 22 सितंबर की देर रात पुलिस को एक महिला ने फोन कर अपने साथ जबरदस्ती किए जाने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी के अनुसार जांच के दौरान सामने आया कि महिला अपने परिचित मोहित और लालाराम नाम के दो लोगों के साथ अमरोहा आई थी। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किये गए आरोपियों में हसनपुर कोतवाली में तैनात दरोगा संजय तोमर, सिपाही प्रमोद तथा सीआरपीएफ  जवान मोहित और लाला राम यादव शामिल हैं।


पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पीड़िता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच जारी है। पुलिस ने युवती का चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी प्रक्रिया के तहत किए जाने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या