जिला शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र मे आज बुधवार सुबह एक ग्रामीण का शव घर से 100 मीटर दूरी पर एक झोपड़ी मे फंदे से लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। मृतक के दोनो हाथ रस्सी के द्वारा पीछे की ओर बंधे होने के कारण यह घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव हरिभान सिंह आयु 50 वर्ष की पत्नी का कई वर्ष पूर्व निधन हो गया था। वर्तमान मे वह अपने तीन बेटो कुलदीप, मिथुन और लालू के साथ रहते थे। परिजनो के अनुसार हरिभान प्रतिदिन रात को घर से 100 मीटर दूरी पर बनी झोपड़ी मे सोने के लिए चले जाते थे। आज बुधवार की सुबह पानी भरने गए हरिभान के भाई ने उनका शव फंदे पर लटका देखा। सूचना मिलते ही हरिभान के तीनो पुत्र व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। इस दौरान देखा गया कि हरिभान के दोनो हाथ पीछे की ओर रस्सी के द्वारा बंधे हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ ही सीओ सदर शुभम वर्मा भी मौके पर पहुँचे। पुलिस ने बारीकी से घटनास्थल का निरिक्षण किया और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। परिजनो ने बताया कि हरिभान का किसी के साथ कोई विवाद नही था। परिजनो ने फ़िलहाल किसी पर कोई आरोप नही लगाया है।
शुरुआती स्तर पर पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, लेकिन दोनों हाथ पीछे बंधे मिलने को संदिग्ध मानते हुए अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों हाथ पीछे बंधे होना जांच का महत्वपूर्ण बिंदु है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

