जिला बिजनौर की नजीबाबाद पुलिस ने कल रविवार देर रात हुई मुठभेड़ के बाद एक गौ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा की गयी जबाबी कार्रवाई में आरोपी पैर मे गोली लगने पर घायल हो गया। इस दौरान उसके दो अन्य साथी अँधेरे के लाभ लेते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार हुए आरोपियो की तलाश मे जुटी है।
पाठको को बताना उचित होगा कि गत 31 अगस्त को मौज्जमपुर तुलसी स्थित के बाग़ मे गौवंशीय पशु के अवशेष मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियो के खिलाफ गौवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद से ही पुलिस आरोपियो की तलाश मे जुटी थी। पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोवंश अवशेष मिलने के मामले में वांछित आरोपी मुजम्मिल बाइक द्वारा ग्राम कलहेड़ी के पास मालन नदी क्षेत्र से हाईवे की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार को आता देख पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस पर बाइक सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बाइक सवार बदमाश के पैर में जा लगी और घायल होकर गिर गया। पुलिस टीम ने घायल हुए बदमाश को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। इस दौरान गिरफ्तार किये गए आरोपी के दो साथी मौके से निकल भागे।
पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर बाइक भी कब्जे में ली गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से प्लास्टिक के कट्टे में रस्सा, छुरी और फावड़ा भी मिला है। पुलिस इन सामानों को गोवंश कटान से जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुजम्मिल के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में पहले से 10 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें पॉक्सो एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गौवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर, बिजनौर डॉ. कृष्ण गोपाल ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इसी मामले में इदरीश पुत्र रईस, निवासी कोतवाली देहात और शहनवाज पुत्र शमशाद, निवासी मोहल्ला जाब्तागंज, नजीबाबाद को 5 सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले की विवेचना जारी है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

